समाचार · मध्य प्रदेश
टीकमगढ़ में रिमझिम बारिश से घटा तापमान:मौसम में ठंडक; रबी की फसल को फायदा मिलने की उम्मीद
टीकमगढ़ जिले में पिछले 24 घंटे के दौरान मौसम में बदलाव देखने को मिला। बुधवार को सुबह से शाम तक आसमान में बादल छाए रहे, जबकि गुरुवार को तेज हवाएं चलने लगीं। दोपहर 2 बजे रिमझिम बारिश भी शुरू हो गई। मौसम में आए बदलाव के बीच अधिकतम तापमान घटकर 28 डिग्री पर पहुंच गया। मौसम विभाग ने 28, 29 और 30 अक्टूबर को बारिश का अलर्ट जारी किया था। विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान भी बारिश की संभावना जताई है। चार दिनों से तापमान में उतार-चढ़ाव भू-अभिलेख कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक, रविवार को अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री और न्यूनतम 19 डिग्री दर्ज किया गया। सोमवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 18.8 डिग्री रहा। मंगलवार को अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री और न्यूनतम 18.5 डिग्री दर्ज किया गया। बुधवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 21 डिग्री रहा। गुरुवार को बादल छाए रहने और तेज हवाओं के बीच अधिकतम तापमान 28 डिग्री दर्ज किया गया। रिमझिम बारिश से मौसम में ठंडक महसूस हुई। बारिश से रबी फसलों को फायदा मिलने की उम्मीद किसान रामदीन यादव ने बताया कि खरीफ फसलों की कटाई हो चुकी है। अब रबी फसलों की बुआई की तैयारी के लिए खेतों की जुताई शुरू हो गई है। उनके अनुसार, बारिश से खेतों में नमी बढ़ेगी, जिससे जुताई में मदद मिल सकती है।