समाचार · हरियाणा
सोनीपत ITI में चला सफाई अभियान:स्टूडेंट्स ने कक्षाओं, वर्कशॉप को साफ किया, प्राचार्य बोले- स्वच्छता से ही स्वच्छ समाज
सोनीपत में राष्ट्रव्यापी क्लीन इंडिया कार्यक्रम के तहत राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) राजलुगढ़ी, सोनीपत में स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। 17 अक्टूबर से 31 दिसंबर तक चलाए जा रहे इस अभियान का मुख्य ध्येय संस्थान परिसर को स्वच्छ व सुंदर बनाना तथा विद्यार्थियों और कर्मचारियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता पैदा करना है। इस दौरान आईटीआई परिसर, कक्षाओं, कार्यशालाओं (वर्कशॉप) और आसपास के खुले स्थानों में विशेष सफाई अभियान चलाकर कचरा निष्पादन किया गया। स्वच्छता स्वस्थ जीवन और स्वच्छ समाज का आधार: प्राचार्य आईटीआई के प्राचार्य प्रवीण जांगड़ा ने विद्यार्थियों और कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाते हुए कहा कि स्वच्छता स्वस्थ जीवन और एक बेहतर समाज का मुख्य आधार है। उन्होंने कहा कि, स्वच्छता केवल एक दिन का औपचारिक अभियान नहीं, बल्कि हमारी दैनिक जीवनशैली का स्थायी हिस्सा होनी चाहिए। प्रत्येक नागरिक को अपने आसपास सफाई बनाए रखने के लिए अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। सामूहिक प्रयासों से बनेगा स्वच्छ भारत प्राचार्य ने सभी से अपील की कि वे स्वयं स्वच्छता अपनाने के साथ-साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही स्वच्छ और स्वस्थ पर्यावरण का निर्माण संभव है। इस दौरान संस्थान के स्टाफ और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और कचरा हमेशा निर्धारित स्थान पर ही डालने का संकल्प लिया।