समाचार · बिहार
Bihar MLC Result: नवल किशोर यादव 30 साल बाद हारे, संजीव कुमार को 4487 वोट मिले, जानें किसे कितने वोट मिले

Bihar MLC Result: बिहार विधान परिषद की शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की चार सीटों के नतीजों ने कई दिग्गजों को झटका दिया है. पटना में राजद के डॉ. संजीव कुमार ने भाजपा के प्रो. नवल किशोर यादव को 1,057 वोटों से हराया. नवल किशोर यादव करीब 30 साल बाद चुनाव हारे हैं. वहीं, सारण में भाजपा से बागी होकर निर्दलीय चुनाव लड़ने वाले डॉ. राहुल राज ने जीत दर्ज की. तिरहुत में भाजपा के नरेंद्र प्रसाद सिंह विजयी रहे. दरभंगा में जन सुराज के सुरेश प्रसाद रॉय ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. मदन मोहन झा को शिकस्त दी.
चार सीटों के नतीजों में राजद, भाजपा, जन सुराज और निर्दलीय उम्मीदवारों ने एक-एक सीट जीती. जदयू और कांग्रेस को झटका लगा. आइए, जानते हैं चारों सीटों पर किस उम्मीदवार को कितने वोट मिले.
पटना शिक्षक सीट: डॉ. संजीव कुमार ने नवल किशोर यादव को हराया
पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में राजद के डॉ. संजीव कुमार ने जीत हासिल की. उन्हें 4,487 वोट मिले. भाजपा के प्रो. नवल किशोर यादव को 3,430 वोट प्राप्त हुए. इस तरह डॉ. संजीव कुमार ने 1,057 मतों से जीत दर्ज की.
इस नतीजे की सबसे बड़ी चर्चा प्रो. नवल किशोर यादव की हार को लेकर है. वह लंबे समय से इस सीट पर प्रभाव बनाए हुए थे. करीब 30 साल बाद उन्हें चुनाव में हार का सामना करना पड़ा.
जन सुराज की दिव्या ज्योति 1,571 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं. निर्दलीय डॉ. रंजन कुमार को 398 और अजय कुमार को 165 वोट मिले.
सारण शिक्षक सीट: भाजपा से निकाले गए राहुल राज ने किया उलटफेर
सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में निर्दलीय उम्मीदवार डॉ. राहुल राज ने जीत दर्ज की. उन्हें 4,965 वोट मिले. जदयू के आनंद पुष्कर को 3,150 वोट प्राप्त हुए. राहुल राज ने 1,815 मतों के अंतर से उन्हें हराया.
राहुल राज भाजपा से बगावत कर चुनाव मैदान में उतरे थे. पार्टी ने उन्हें छह साल के लिए निष्कासित भी कर दिया था. इसके बावजूद उन्होंने जीत हासिल की.
जन सुराज के अफाक अहमद 2,454 वोट पाकर तीसरे स्थान पर रहे. राजद के जयराम यादव को 1,747 वोट मिले. निर्दलीय रामेंद्र राय के खाते में 233 वोट आए.
तिरहुत शिक्षक सीट: भाजपा के नरेंद्र प्रसाद सिंह जीते
तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा के नरेंद्र प्रसाद सिंह ने जीत हासिल की. उन्हें 3,662 वोट मिले. निर्दलीय उम्मीदवार भूषण कुमार झा को 2,351 वोट प्राप्त हुए. नरेंद्र प्रसाद सिंह ने 1,311 मतों के अंतर से जीत दर्ज की.
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के संजय कुमार सिंह 1,967 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रहे. जन सुराज के श्याम नंदन कुमार यादव को 1,458 वोट मिले. निर्दलीय अमित कुमार के खाते में 282 वोट आए.
दरभंगा शिक्षक सीट: जन सुराज ने कांग्रेस को दिया झटका
दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में जन सुराज के सुरेश प्रसाद रॉय ने जीत दर्ज की. उन्हें 4,088 वोट मिले. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. मदन मोहन झा को 2,977 वोट प्राप्त हुए. सुरेश प्रसाद रॉय ने 1,111 मतों से जीत हासिल की.
इस सीट पर जन सुराज की जीत अहम रही. डॉ. मदन मोहन झा कांग्रेस के प्रमुख नेताओं में शामिल हैं. उन्हें हार का सामना करना पड़ा.
माकपा के रामदेव रॉय 1,697 वोट पाकर तीसरे स्थान पर रहे. जदयू के घनश्याम रॉय को 862 वोट मिले. राजद के कुमार राउत के खाते में 128 वोट आए.
चार सीटों के नतीजों ने बदले चुनावी समीकरण
शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की चारों सीटों पर अलग-अलग दलों और उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की. पटना में राजद, तिरहुत में भाजपा, दरभंगा में जन सुराज और सारण में निर्दलीय उम्मीदवार ने बाजी मारी.
इन नतीजों में कई बड़े नामों को हार का सामना करना पड़ा. पटना में नवल किशोर यादव की हार चर्चा में रही. सारण में भाजपा से निष्कासित राहुल राज की जीत ने सबका ध्यान खींचा. वहीं, दरभंगा में जन सुराज ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता को हराकर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई.
Also Read: Bihar MLC Result: पटना, तिरहुत और कोसी में किसे कितने वोट मिले? जानें सभी उम्मीदवारों का पूरा आंकड़ा