समाचार · मध्य प्रदेश
छठ के चलते रेलवे स्टेशनों पर भीड़... कैमरों से निगरानी:भोपाल, RKMP समेत 6 स्टेशनों पर नजर; स्पेशल ट्रेनें भी चलेंगी
छठ पर्व के चलते भोपाल के रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ है। इसके चलते रेलवे सीसीटीवी कैमरों की मदद से निगरानी रख रहा है। भोपाल, आरकेएमपी, इटारसी, बीना, विदिशा, नर्मदापुरम में भीड़ प्रबंधन पर फोकस किया जा रहा है। रेलवे के मुताबिक, कंट्रोल रूम से मिली सूचना के आधार पर संबंधित अधिकारी और स्टेशन प्रबंधन समन्वय बनाकर जरूरी व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। यात्रियों के आवागमन को सुचारू बनाए रखने, प्लेटफॉर्म एवं सर्कुलेटिंग एरिया में भीड़ प्रबंधन, यात्रियों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने और किसी भी संभावित असुविधा को समय रहते दूर करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। यात्रियों से कहा जा रहा है कि वे स्टेशन परिसर में रेलवे द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करें और यात्रा के दौरान अनुशासन बनाए रखें। सीनियर डीसीएम सौरभ कटारिया ने बताया, छठ पर्व के दौरान यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए स्थिति पर निरंतर नजर रखे हुए हैं। ताकि, यात्रियों को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं सुविधाजनक रेल यात्रा का अनुभव मिल सके। यशवंतपुर-योग नगरी ऋषिकेश के मध्य एक-एक फेरा स्पेशल ट्रेन
दीपावली एवं छठ पर्व के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन विशेष ट्रेनें चला रहा है। इसी क्रम में दक्षिण मध्य रेलवे द्वारा यशवंतपुर एवं योग नगरी ऋषिकेश के मध्य एक-एक फेरे के लिए एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेन का संचालन किया जा रहा है। यह स्पेशल ट्रेन पश्चिम मध्य रेल के भोपाल मंडल के भोपाल एवं बीना स्टेशनों से होकर गुजरेगी। दोनों स्टेशनों पर यात्रियों के लिए ठहराव उपलब्ध रहेगा। गाड़ी संख्या 06597 यशवंतपुर-योग नगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस स्पेशल 12 नवंबर(गुरुवार) को यशवंतपुर स्टेशन से सुबह 7 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन विभिन्न स्टेशनों से होते हुए शनिवार, 14 नवंबर को सुबह 10.15 बजे योग नगरी ऋषिकेश पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 06598 योग नगरी ऋषिकेश-यशवंतपुर एक्सप्रेस स्पेशल दिनांक 14 नवंबर (शनिवार) को योग नगरी ऋषिकेश स्टेशन से शाम 5.55 बजे प्रस्थान करेगी और विभिन्न स्टेशनों से होते हुए सोमवार, 16 नवंबर को शाम 7.45 बजे यशवंतपुर पहुंचेगी। भोपाल मंडल के स्टेशनों पर समय एवं ठहराव
गाड़ी संख्या 06597 यशवंतपुर-योग नगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस स्पेशल 13 नवंबर को भोपाल स्टेशन पर दोपहर 2 बजे पहुंचेगी और 2.10 बजे प्रस्थान करेगी। इसके बाद यह ट्रेन बीना स्टेशन पर शाम 4.40 बजे पहुंचेगी। 5 मिनट के ठहराव के बाद रवाना होगी।
इसी प्रकार, वापसी दिशा में गाड़ी संख्या 06598 योग नगरी ऋषिकेश–यशवंतपुर एक्सप्रेस स्पेशल 15 नवंबर को बीना स्टेशन पर सुबह 8130 बजे पहुंचेगी और 8135 बजे प्रस्थान करेगी। इसके पश्चात यह ट्रेन भोपाल स्टेशन पर सुबह 10.30 बजे पहुंचेगी और 10.40 बजे आगे के लिए रवाना होगी। मार्ग के प्रमुख ठहराव
यह स्पेशल ट्रेन दोनों दिशाओं में यलहंका, हिंदूपुर, धर्मावरम, अनंतपुर, डोन, कर्नूलु सिटी, गदवाल, महबूबनगर, काचेगुडा, काजीपेट, बल्लारशाह, नागपुर, भोपाल, बीना, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, ग्वालियर, आगरा कैंट, मथुरा जंक्शन, हजरत निजामुद्दीन, गाजियाबाद, मेरठ सिटी, मुजफ्फरनगर, टपरी, रुड़की एवं हरिद्वार स्टेशनों पर रुकेगी।