Thursday, 17 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

हिसार एसपी की बस ड्राइवरों को हिदायत:बरवाला में बस स्टैंड के बाहर बस रोकने पर होगी कार्रवाई, नहीं उतार-चढ़ा सकेंगे सवारी

INT News17 September 2026 at 12:51 pm

बरवाला बस स्टैंड के बाहर मुख्य सड़क पर बसें खड़ी कर सवारियां बैठाने या उतारने वाले बस ड्राइवरों के खिलाफ अब पुलिस कार्रवाई करेगी। सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक हिसार सिद्धांत जैन ने बरवाला रूट पर संचालित सभी सरकारी एवं निजी बसों के ड्राइवरों व कंडक्टरों को निर्धारित बस स्टैंड के अंदर जाकर ही सवारियां बैठाने की सख्त हिदायत दी है। पुलिस के संज्ञान में आया है कि कुछ बस ड्राइवर, बस स्टैंड के अंदर जाने के बजाय मुख्य सड़क पर ही बस रोककर सवारियां बैठाते हैं। सवारियों के इंतजार में बसें सड़क पर काफी देर तक खड़ी रहने से यातायात बाधित होने के साथ जाम और भीड़ की स्थिति बनती है। इससे अन्य वाहन चालकों को परेशानी होने के साथ दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। निर्धारित स्थान पर ही बस रोकने के निर्देश एसपी सिद्धांत जैन ने कहा कि बरवाला रूट पर चलने वाली सभी सरकारी एवं निजी बसें निर्धारित बस स्टैंड के अंदर जाकर ही सवारियों को बैठाएं और उतारें। मुख्य सड़क पर बस खड़ी कर सवारियों का इंतजार करने या यातायात बाधित करने की स्थिति को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क पर अनावश्यक रूप से बस रोककर यातायात व्यवस्था प्रभावित करने वाले ड्राइवरों के खिलाफ यातायात नियमों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सवारियों को बैठाने के लिए मुख्य सड़क पर बस रोकना कोई मजबूरी नहीं है। बस ड्राइवर निर्धारित बस स्टैंड में ही बस खड़ी करें, ताकि सड़क पर अन्य वाहनों की आवाजाही बाधित न हो और यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे। बस चालकों को दिए स्पष्ट निर्देश पुलिस ने बस ड्राइवरों से निर्धारित बस स्टैंड के अंदर जाकर बस खड़ी करने, मुख्य सड़क पर बस रोककर सवारियां एकत्रित नहीं करने तथा सवारियों के इंतजार में सड़क पर अनावश्यक समय तक बस खड़ी नहीं रखने को कहा है। बस स्टैंड से संबंधित निर्धारित प्रक्रिया एवं आवश्यक औपचारिकताओं का पालन करने के भी निर्देश दिए गए हैं। पुलिस के अनुसार, यातायात बाधित करने वाली गतिविधि पाए जाने पर संबंधित वाहन चालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने बस संचालकों से यातायात नियमों का पालन करते हुए यात्रियों और अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है।