समाचार · उत्तर प्रदेश
UP के होटलों में कहीं एक्सपायर्ड खाना तो कहीं किचन में दौड़ते मिले चूहे-कॉकरोच, 24 लाइसेंस पर कार्रवाई

UP News: उत्तर प्रदेश में होटल और रेस्तरां में ग्राहकों को परोसे जा रहे खाने की गुणवत्ता को लेकर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) ने बड़ी कार्रवाई की है. ‘शुद्ध ही शुभ है’ अभियान के तहत शुक्रवार को प्रदेश के छह शहरों में 317 खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई. इस दौरान कई जगह एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री, गंदगी, चूहे और कॉकरोच मिलने से खाद्य सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हुए हैं. जांच के बाद 24 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित करने की संस्तुति की गई, जबकि 174 संचालकों को सुधार नोटिस जारी किया गया है.
छह शहरों में 317 प्रतिष्ठानों की जांच
FSDA की टीमों ने कानपुर नगर, प्रयागराज, अयोध्या, बरेली, गोरखपुर और मुरादाबाद में होटल, रेस्तरां और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया. सबसे ज्यादा 97 प्रतिष्ठानों की जांच अयोध्या में हुई. इसके अलावा कानपुर नगर में 52, प्रयागराज में 40, बरेली में 34, गोरखपुर में 34 और मुरादाबाद में 60 प्रतिष्ठानों की जांच की गई. टीमों ने किचन की साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, भंडारण व्यवस्था, जल निकासी, प्रसंस्करण क्षेत्र और कीड़े-मकौड़ों की मौजूदगी समेत कई बिंदुओं पर जांच की.
कहीं एक्सपायर्ड सामान तो कहीं चूहों का प्रकोप
अयोध्या में जांच के दौरान कई प्रतिष्ठानों में एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री और चूहों की समस्या सामने आई. वहीं बरेली के कृष्णा भोजनालय और रमाडा होटल की रसोई में कॉकरोच और एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थ मिलने की बात सामने आई, जिसके बाद लाइसेंस निलंबित किया गया.
गोरखपुर-कानपुर में भी कार्रवाई
गोरखपुर में कई होटल और रेस्तरां के खिलाफ नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की गई. वहीं कानपुर नगर में कुछ प्रतिष्ठानों में गंदगी और खाद्य पदार्थों के रखरखाव में खामियां मिलने के बाद कारोबार बंद कराने की कार्रवाई भी की गई.
मुरादाबाद में एक ही फ्रीजर में वेज-नॉनवेज
मुरादाबाद में जांच के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों के फ्रीजर में वेज और नॉनवेज खाद्य पदार्थ एक साथ रखे मिले. कुछ किचन में कीड़े और चूहों की मौजूदगी भी सामने आई. प्रयागराज में भी कई होटलों की रसोई और जल निकासी व्यवस्था में खामियां मिलीं. FSDA ने संबंधित प्रतिष्ठान संचालकों को कमियां दूर करने के निर्देश दिए हैं. अधिकारियों के मुताबिक, निर्धारित मानकों में सुधार नहीं होने पर आगे भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामगोविन्द चौधरी के पार्थिव शरीर का आज बलिया के टीडी कॉलेज में अंतिम दर्शन, शाम चार बजे पहुंचेगा पार्थिव शरीर