समाचार · उत्तर प्रदेश
'क्या यूपी में भी लागू होगा UCC?', 2027 चुनाव को लेकर लखनऊ में अमित शाह के एक सवाल ने गरमा दी प्रदेश की सियासत

Amit Shah Statement: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भाजपा ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. शुक्रवार को लखनऊ में आयोजित पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आगामी चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने ऐलान किया कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की लगातार तीसरी बार सरकार बनने पर राज्य में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू की जाएगी. उन्होंने कहा कि देश के कई राज्यों में UCC लागू हो चुका है और उत्तर प्रदेश में भी भाजपा सरकार बनने पर इसे लागू किया जाएगा.
कई राज्यों में लागू हो चुका है UCC, यूपी में भी करेंगे लागू
अमित शाह ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तर प्रदेश में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनने पर समान नागरिक संहिता लागू की जाएगी. उन्होंने कहा कि कई राज्यों में UCC लागू किया जा चुका है और उत्तर प्रदेश में भी इसे लागू करने की योजना है. शाह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि कठोर शासन के जरिए प्रदेश को माफियाओं से मुक्त किया गया है.
बोले- यूपी में भाजपा अंगद का पैर, कोई नहीं हिला सकता
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा अंगद का पैर है, जिसे कोई हिला नहीं सकता. उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कमर कसने का आह्वान किया. शाह ने अर्जुन का उदाहरण देते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं की नजर अपने लक्ष्य पर होनी चाहिए. उन्होंने सभी से एकजुट होकर चुनाव की तैयारियों में जुटने और प्रदेश में फिर से भाजपा की सरकार बनाने के लिए काम करने को कहा.
44 विधायकों से 73 लोकसभा सीटों तक का सफर बताया
अमित शाह ने भाजपा के पुराने चुनावी प्रदर्शन का जिक्र करते हुए कहा कि एक समय उत्तर प्रदेश में पार्टी के केवल 44 विधायक थे. इसके बाद संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया गया, जिसका परिणाम 2014 के लोकसभा चुनाव में देखने को मिला. उन्होंने बताया कि भाजपा ने करीब 41 प्रतिशत वोट हासिल कर 73 लोकसभा सीटों पर जीत दर्ज की. शाह ने इसे संगठन की मजबूती का परिणाम बताया.
नोटबंदी के बावजूद 2017 में मिली थी 312 सीटें
शाह ने 2017 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि नोटबंदी के बावजूद भाजपा ने करीब 40 प्रतिशत वोट हासिल किए थे. इस चुनाव में पार्टी ने 312 विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज की थी. उन्होंने पुराने चुनावी नतीजों को याद दिलाते हुए कार्यकर्ताओं से संगठन की ताकत और एकजुटता बनाए रखने की अपील की. साथ ही आगामी चुनाव में जीत के लक्ष्य के साथ पूरी मेहनत करने का संदेश दिया.
Must Read: गेहूं-आलू की बुआई का समय और यूपी में खाद गायब...1350 की बोरी 2000 में बेचने का आरोप, चंद्रशेखर आजाद ने सरकार को घेरा