Friday, 30 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

तेज रफ्तार कार की टक्कर से युवक की मौत:ग्वालियर में जीजा-दोस्तों के साथ सब्जी खरीदकर लौट रहा था, चालक फरार; पुलिस खंगाल रही CCTV

INT News30 October 2026 at 06:38 pm

ग्वालियर के गोला का मंदिर थाना क्षेत्र में बकरा मंडी के पास देर रात तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई। रंजीत सिंह (29) अक्टूबर की रात अपने जीजा और दोस्तों के साथ सब्जी खरीदकर घर लौट रहा था। इसी दौरान बिरला अस्पताल की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल रंजीत को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान शुक्रवार सुबह उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जीजा और दोस्तों के साथ सब्जी खरीदने गया था रंजीत मूल रूप से उत्तर प्रदेश के महोबा का रहने वाला रंजीत सिंह एक निजी कंपनी में काम करता था। फिलहाल वह ग्वालियर के रसूलपुर इलाके में रह रहा था। 29 अक्टूबर की रात करीब 11:30 बजे वह अपने जीजा करन राजपूत और साथियों उदय व तेज सिंह के साथ पिंटो पार्क इलाके में सब्जी खरीदने गया था। खरीदारी के बाद सभी अलग-अलग अपने घर लौट रहे थे। बकरा मंडी के पास कार ने मारी टक्कर रंजीत पानी की टंकी और बकरा मंडी के पास पहुंचा, तभी बिरला अस्पताल की दिशा से आ रही तेज रफ्तार कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में उसके सिर और पैर में गंभीर चोटें आईं। अंधेरा होने के कारण मौके पर मौजूद लोग कार का नंबर नहीं देख सके। टक्कर मारने के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। अस्पताल में इलाज के दौरान मौत, पुलिस खंगाल रही CCTV सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल रंजीत को बिरला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया, लेकिन शुक्रवार सुबह उसने दम तोड़ दिया। इसके बाद शव को मुरार अस्पताल के पीएम हाउस भेजा गया। शुक्रवार को मृतक के जीजा करन राजपूत की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया। जल्द आरोपी की गिरफ्तारी का दावा गोला का मंदिर थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह यादव ने बताया कि कार की टक्कर से युवक की मौत हुई है। अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।