समाचार · बिहार
QR कोड स्कैन करते ही मिलेगी सोने-चांदी की ताजा कीमत, पाटलिपुत्र सर्राफा संघ की डिजिटल पहल

पटना: अब पटना में सोने-चांदी की खरीद-बिक्री के भाव जानने के लिए अगले दिन के अखबार का इंतजार नहीं करना पड़ेगा. पाटलिपुत्र सर्राफा संघ ने अपनी स्थापना के 50 वर्ष पूरे होने के अवसर पर एक विशेष QR कोड की शुरुआत की है. इसे स्कैन करते ही लोगों को सोने-चांदी की वर्तमान खरीद और बिक्री दरों की जानकारी मिल सकेगी. संघ की इस डिजिटल पहल से आम लोगों को बाजार के ताजा भाव जानने में सहूलियत होगी.
QR कोड स्कैन करते ही मिलेगी सोने-चांदी की कीमत
पाटलिपुत्र सर्राफा संघ के अनुसार, अब तक समाचार पत्रों में प्रकाशित सोने-चांदी के भाव एक दिन पहले के होते थे. ऐसे में ग्राहकों को बाजार की मौजूदा कीमतों की जानकारी के लिए इंतजार करना पड़ता था. नई व्यवस्था के तहत QR कोड स्कैन करने पर संबंधित वेबपेज खुलेगा, जहां सोने-चांदी की वर्तमान और अपडेटेड खरीद-बिक्री दरें उपलब्ध होंगी.
संघ का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य ग्राहकों तक बाजार के भाव की जानकारी आसानी से पहुंचाना है, ताकि वे खरीदारी और बिक्री के समय मौजूदा दरों से अवगत रह सकें.
स्थायी QR कोड से नियमित अपडेट होंगे भाव
इस QR कोड की खासियत यह है कि यह स्थायी (Static) है. यानी इसे बार-बार बदलने की जरूरत नहीं होगी. समाचार पत्र और अन्य व्यावसायिक संस्थान इसे अपने प्रकाशनों में नियमित रूप से इस्तेमाल कर सकेंगे. वहीं, QR कोड से जुड़ा वेबपेज सोने-चांदी की दरों के अनुसार अपडेट होता रहेगा.
इससे पाठकों को एक ही QR कोड के माध्यम से लगातार ताजा जानकारी मिल सकेगी. संघ ने समाचार पत्रों और मीडिया संस्थानों से अपील की है कि वे दैनिक सोने-चांदी के भाव के साथ इस QR कोड को भी प्रकाशित करें, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके.
50 वर्ष पूरे होने पर शुरू की डिजिटल पहल
पाटलिपुत्र सर्राफा संघ की स्थापना वर्ष 1977 में हुई थी. आभूषण और बुलियन कारोबार के क्षेत्र में सक्रिय इस संगठन ने अपनी स्थापना के 50 वर्ष पूरे होने के अवसर पर यह पहल की है. संघ के पदाधिकारियों के अनुसार, इसका मकसद आम जनता को सोने-चांदी की मौजूदा कीमतों की जानकारी सुविधाजनक तरीके से उपलब्ध कराना है.
संघ ने उम्मीद जताई है कि QR कोड आधारित यह व्यवस्था ग्राहकों और कारोबारियों, दोनों के लिए उपयोगी साबित होगी.
Also Read: पटना नगर निगम ने 1.5 घंटे में बेच दिए 200 करोड़ के बॉन्ड, 9.20% देना होगा ब्याज, सात साल में सबसे महंगी दर पर जुटाई रकम