Friday, 30 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · दिल्ली

Diwali Chhath Special Buses: दिवाली-छठ पर घर जाने वालों को बड़ी राहत, दिल्ली से यूपी के इन शहरों के लिए चलेंगी अतिरिक्त बसें, जानें तारीख

INT News30 October 2026 at 06:39 pm

UP News: दिवाली और छठ पूजा पर दिल्ली से उत्तर प्रदेश में अपने घर लौटने की तैयारी कर रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है. ट्रेनों में टिकट की मारामारी के बीच यूपी रोडवेज ने यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त बसें चलाने का फैसला किया है. उत्तर प्रदेश परिवहन निगम 6 से 17 नवंबर 2026 तक विशेष बस संचालन करेगा. इन 12 दिनों में दिल्ली से लखनऊ, कानपुर और पूर्वांचल समेत यूपी के कई शहरों के लिए बसों के फेरे बढ़ाए जाएंगे. परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने अधिकारियों को त्योहारों के दौरान यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं.

6 से 17 नवंबर तक चलेंगी अतिरिक्त बसें

दिवाली और छठ पूजा के दौरान दिल्ली से उत्तर प्रदेश जाने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ जाती है. इसे देखते हुए परिवहन निगम ने 12 दिनों तक अतिरिक्त बसें चलाने की तैयारी की है. परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के मुताबिक, 6 नवंबर से 17 नवंबर तक अलग-अलग रूटों पर जरूरत के अनुसार बसों के फेरे बढ़ाए जाएंगे. इससे त्योहारों पर घर लौटने वाले यात्रियों को बसों की उपलब्धता में राहत मिलने की उम्मीद है.

दिल्ली से यूपी के किन शहरों के लिए मिलेंगी बसें?

विशेष संचालन के दौरान दिल्ली से लखनऊ, कानपुर और पूर्वांचल के लिए अतिरिक्त बसें उपलब्ध कराई जाएंगी. इसके अलावा गोरखपुर, वाराणसी, अयोध्या, गाजियाबाद, मेरठ, मुरादाबाद, बरेली, सहारनपुर, आगरा, अलीगढ़ और इटावा समेत अन्य शहरों के रूटों पर भी यात्रियों की मांग के अनुसार बसों के फेरे बढ़ाए जाएंगे. परिवहन निगम ने अधिकारियों को भीड़ के हिसाब से बसों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं.

अनफिट बसों के संचालन पर रोक

यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए परिवहन निगम ने सभी फिट बसों को संचालन में लगाने के निर्देश दिए हैं. किसी भी अनफिट बस को सड़क पर नहीं उतारा जाएगा. बसों की तकनीकी स्थिति की जांच और जरूरी मरम्मत सुनिश्चित करने को कहा गया है. इससे त्योहारों के दौरान यात्रियों को सुरक्षित सफर की सुविधा मिल सकेगी.

ड्राइवर और कंडक्टर को मिलेगा 4,800 रुपये तक इंसेंटिव

त्योहारों पर अतिरिक्त ड्यूटी करने वाले रोडवेज कर्मचारियों के लिए प्रोत्साहन राशि भी तय की गई है. लगातार 12 दिन ड्यूटी करने वाले ड्राइवर और कंडक्टर को 4,800 रुपये मिलेंगे. वहीं, 11 दिन ड्यूटी करने पर 4,400 रुपये दिए जाएंगे. इसके लिए प्रतिदिन औसतन 300 किलोमीटर बस संचालन की शर्त रखी गई है. परिवहन निगम ने कर्मचारियों को विशेष संचालन के दौरान निर्धारित नियमों का पालन करने के निर्देश दिए हैं.

बस अड्डों पर यात्रियों को मिलेंगी सुविधाएं

त्योहारी भीड़ को देखते हुए बस अड्डों पर साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल और बैठने की पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं. यात्रियों की सुविधा के लिए डिजिटल समय सारिणी और सहायता केंद्र की व्यवस्था भी की जाएगी. अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि त्योहारों के दौरान यात्रियों को बसों की जानकारी और जरूरी सुविधाएं समय पर मिल सकें.

ड्राइवरों की होगी ब्रेथ एनालाइजर से जांच

सुरक्षित बस संचालन के लिए ड्राइवरों और कंडक्टरों की ब्रेथ एनालाइजर से जांच करने के निर्देश दिए गए हैं. इसके अलावा विशेष परिस्थितियों को छोड़कर परिवहन निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियों पर रोक लगाई गई है. परिवहन विभाग का प्रयास है कि दिवाली और छठ पूजा के दौरान यात्रियों को बसों की कमी से परेशानी न उठानी पड़े.

Also Read: UP MLC Election Result: 5 सीट ही नहीं, 50 जिलों में BJP की हार! जानिए क्यों अखिलेश यादव ने किया ऐसा दावा