Friday, 30 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · बिहार

बिहार : राजस्व संग्रहण में पिछड़ने वाले 10 DTO पर गिरी गाज, परिवहन मंत्री के निर्देश पर शो-कॉज जारी

INT News30 October 2026 at 06:48 pm

पटना. परिवहन विभाग के मंत्री दामोदर रावत ने शुक्रवार को सभी डीटीओ के साथ फुलवारी शरीफ स्थित बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के सभागार में विभागीय कार्यों की समीक्षा की. इस दौरान मंत्री ने राजस्व संग्रहण में पिछड़ने पर परिवहन मंत्री दामोदर रावत ने 10 से अधिक डीटीओ के खिलाफ शो-कॉज नोटिस जारी करने का निर्देश दिया है. वहीं, इन जिलों में लक्ष्य के मुकाबले 40 प्रतिशत से भी कम राजस्व संग्रहण हुआ है. इनमें मुंगेर, कैमूर, सारण, जहानाबाद, मधेपुरा, लखीसराय, नवादा, बक्सर, खगड़िया और सहरसा जैसे जिले शामिल है.

मुख्य बातें

डीटीओ को फील्ड में उतरने का परिवहन मंत्री ने दिया निर्देश

त्योहारी सीजन की बसों में ओवरलोडिंग रोकने पर रहेगी पैनी नजर, परिवहन मंत्री का निर्देश

सड़क सुरक्षा को गंभीरता से लेते हुए फैसला

‘आई लव पटना डीटीओ’ का उद्घाटन

मंत्री ने कहा कि सभी डीटीओ स्वयं क्षेत्र में जाकर राजस्व संग्रहण में तेजी लाये. उन्होंने नवादा, कैमूर, गया और गोपालगंज समेत अन्य प्रमुख चेकपोस्टों पर तैनात प्रवर्तन अवर निरीक्षक (ईएसआई) को बॉडीवॉर्न कैमरा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है. उन्होंने पटना डीटीओ कार्यालय के बाहर बने नए सेल्फी प्वाइंट ‘आई लव पटना डीटीओ’ का उद्घाटन भी किया. बैठक में मंत्री ने सड़क सुरक्षा को गंभीरता से लेते हुए आगामी दिवाली-छठ के मौके पर चलने वाली बसों में ओवरलोडिंग ना हो इसके ख़ास ध्यान रखने का निर्देश दिया है. राज्य में जुगाड़ गाड़ियों पर पूरी तरह प्रतिबंध और रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (आरसी) के चल रहे वाहनों के खिलाफ एक महीने तक विशेष अभियान चलाकर जब्त करने कहा है.

सड़क सुरक्षा पर विशेष जोर

मंत्री ने लंबित डीएल आवेदनों को जल्द निबटाने और डीएल कार्ड की खराब गुणवत्ता संबंधी शिकायतों पर संबंधित एजेंसी को 15 दिन के अंदर सुधार करने का निर्देश दिया है.उन्होंने निर्माणाधीन ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल, बस स्टैंड निर्माण और सड़क सुरक्षा संबंधी कार्यों में तेजी लाने को कहा. हिट एंड रन के मामलों में डीटीओ को संवेदनशीलता से काम करने कहा, जिससे आमलोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ ससमय और बिना परेशानी के मिल सकें. सभी डीटीओ को सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाने, ब्लैक स्पॉट को ठीक करने, वाहनों में स्पीड लिमिट डिवाइस की जांच करने और फिटनेस केंद्रों पर वाहनों की नियमित जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये.

बिहार की ताजा खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

सरकारी योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करें

सड़क दुर्घटनाओं में कैशलेस इलाज के लिए प्रधानमंत्री राहत योजना को लेकर मंत्री ने सभी डीटीओ से कहा कि आयुष्मान भारत के तहत पंजीकृत अस्पतालों में योजना का व्यापक प्रचार- प्रसा र किया जाये. इसके लिए जिला पदाधिकारी और योजना के नोडल अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर काम करने कहा. वहीं,थानों में जागरूकता फैलाने का सुझाव दिया, ताकि पुलिस सड़क हादसों में घायलों को आयुष्मान पंजीकृत अस्पतालों में भर्ती करा सकें. इस बैठक में सचिव राज कुमार,राज्य परिवहन आयुक्त आरिफ अहसन, अपर सचिव प्रवीण कुमार समेत विभाग के अन्य वरीय अधिकारी मौजूद थे.

Also Read: बिहार में एक्शन: भ्रष्टाचार और लापरवाही के आरोप में तीन पूर्व अंचल अधिकारियों पर गिरी गाज, जानिए पूरा मामला