समाचार · हरियाणा
नारनौल अनाज-मंडी में अब खुली बोली से फसलों की खरीद:गेट पर लगेगा धर्मकांटा, मार्केट कमेटी की बैठक में लिए फैसले; सब्जी मंडी में सीसीटीवी कैमरे लगेंगे
नई अनाज मंडी में अब किसानों की फसलों की खरीद सीधे व्यापारी नहीं कर सकेंगे। फसलों की खरीद मार्केट कमेटी कर्मचारियों की मौजूदगी में खुली बोली के माध्यम से होगी। बोली लगने के बाद ही व्यापारी किसान की फसल खरीद सकेंगे। इसके अलावा मंडी के मुख्य गेट पर धर्मकांटा लगाया जाएगा, ताकि किसानों को फसल का वजन कराने के लिए बाहर न जाना पड़े। शुक्रवार को नई अनाज मंडी में मार्केट कमेटी के चेयरमैन बाबूलाल यादव की अध्यक्षता में हुई बैठक में ये महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। बैठक में कार्यकारी अधिकारी एवं सचिव नुकुल यादव, वाइस चेयरमैन सुरेश चंद चौधरी सहित मार्केट कमेटी के सदस्य मौजूद रहे। बैठक में प्रस्ताव पारित किया गया कि मंडी में फसल लेकर आने वाले प्रत्येक किसान की फसल की खुली बोली लगवाई जाएगी। मार्केट कमेटी के कर्मचारी बोली प्रक्रिया के दौरान मौजूद रहेंगे। इससे किसानों को अपनी फसल का उचित भाव मिलने की उम्मीद है। वहीं, खुली बोली से खरीद होने पर मार्केट कमेटी को भी निर्धारित फीस पूरी मिल सकेगी। गेट पर धर्मकांटा लगने से किसानों को मिलेगी राहत बैठक में अनाज मंडी के मुख्य गेट पर धर्मकांटा लगाने का भी निर्णय लिया गया। अभी किसानों को फसल का वजन करवाने के लिए मंडी से बाहर जाना पड़ता है और इसके लिए शुल्क भी देना पड़ता है। मंडी गेट पर धर्मकांटा लगने से किसानों को इस परेशानी से छुटकारा मिलेगा। साथ ही फसल का सही वजन पता चल सकेगा। गेटपास पर दर्ज वजन को लेकर होने वाले विवादों की आशंका भी कम होगी। जर्जर क्वार्टरों को गिराकर नई बिल्डिंग बनाने का प्रस्ताव शहर की पहाड़ी पर दूरदर्शन केंद्र के पास मार्केट कमेटी की जमीन पर बने अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सरकारी क्वार्टर काफी पुराने और जर्जर हो चुके हैं। बैठक में इनका पीडब्ल्यूडी विभाग से सर्वे करवाने का निर्णय लिया गया। विभाग से कंडम घोषित होने की रिपोर्ट मिलने के बाद पुराने क्वार्टरों को गिराकर नई बिल्डिंग बनाने के लिए सरकार को प्रस्ताव भेजा जाएगा। इसके लिए बजट की मांग भी की जाएगी। सब्जी मंडी में लगेंगे सीसीटीवी कैमरे नई अनाज मंडी परिसर में बनी सब्जी एवं फल मंडी में सुरक्षा व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने का प्रस्ताव भी पारित किया गया। बैठक में सदस्य बद्रीप्रसाद गर्ग, बनवारी लाल सैनी, विजय सिंह, सुशील चौटाला, सतीश वाल्मीकि, पवन यादव, कैलाश जांगिड़, अजीत सलूनी, राजकुमार मित्तल, जयसिंह सैनी, सत्यवीर जोगी, राजेश सेका और बलवंत सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।