national
Cyclone Arnab: घरों पर गिरे पेड़, बिजली गुल-सड़कों पर भरा पानी, आंध्र से ओडिशा तक तूफान ने मचाई तबाही? देखें VIDEO

Cyclone Arnab: चक्रवात अर्नब का असर पुडुचेरी के यानम में साफ दिखाई दे रहा है. तेज हवाओं के कारण कई पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए. कुछ मकानों को भी नुकसान पहुंचा है. एक घर पर विशाल बरगद का पेड़ गिर गया, जिसे हटाने के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की टीम मौके पर पहुंची. NDRF कमांडर ईश्वर राव गाडे ने बताया कि उनकी 30 सदस्यीय टीम पेड़ और मलबा हटाने में जुटी है. उन्होंने बताया कि तूफान के दौरान हवाओं की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक थी.
?ref_src=twsrc%5Etfw">
मछलीपट्टनम में उखड़े पेड़, सड़कों पर पानी और बिजली गुल
आंध्र प्रदेश के मछलीपट्टनम में मंगलवार रात से तेज हवाओं और मूसलाधार बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं. तूफान के कारण कई जगह पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए. सड़कों पर पेड़ और मलबा जमा होने से यातायात बाधित हुआ.
निचले इलाकों में पानी भर गया, जबकि कई सड़कें जलमग्न दिखाई दीं. बिजली आपूर्ति भी मंगलवार रात से बाधित रही. सामने आए वीडियो में तूफान के बाद सड़कों पर गिरे पेड़ और जलभराव का असर देखा जा सकता है.
?ref_src=twsrc%5Etfw">
काकीनाडा से विशाखापत्तनम तक असर, समुद्र तट पर जाने से रोका
अर्नब का प्रभाव आंध्र प्रदेश के कोनसीमा, काकीनाडा और विशाखापत्तनम में भी देखने को मिला. कोनसीमा में तेज हवाओं के कारण कई पेड़ गिर गए. काकीनाडा में बिजली की तारें टूटने और पेड़ उखड़ने की घटनाएं सामने आईं.
विशाखापत्तनम में बीच रोड और सीतम्माधारा इलाके में पेड़ गिरने से रास्ते बाधित हुए. आरके बीच पर समुद्र में ऊंची लहरें उठने और तेज हवाएं चलने के बाद पुलिस ने एहतियातन लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी. मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है.
?ref_src=twsrc%5Etfw">
ओडिशा: कोरापुट में भारी बारिश, गजपति में पेड़ गिरने से रास्ते बंद
चक्रवात अर्नब का असर केवल आंध्र प्रदेश तक सीमित नहीं रहा. ओडिशा के कई जिलों में भी बारिश और तेज हवाओं ने मुश्किलें बढ़ाई हैं. कोरापुट जिले के 14 ब्लॉकों में मंगलवार सुबह से बुधवार सुबह तक औसतन 53.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. पोटांगी में सबसे अधिक 151.8 मिलीमीटर बारिश हुई.
गजपति जिले के मोहन और आर. उदयगिरि इलाकों में पेड़ गिरने से कई सड़कें बाधित हुईं. दमकल की टीमों ने मौके पर पहुंचकर पेड़ हटाए और रास्तों पर आवाजाही बहाल कराई.
भद्रक जिले के चांदबली और धामनगर में भी 50 मिलीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की गई. बुधवार सुबह भद्रक से सामने आए वीडियो में लगातार बारिश का असर दिखाई दिया.
ओडिशा के पांच जिलों में रेड अलर्ट, भूस्खलन का भी खतरा
मौसम विभाग ने ओडिशा के गंजाम, गजपति, रायगढ़ा, कोरापुट और मलकानगिरी जिलों में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. इन इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश से जलभराव और भूस्खलन का खतरा है.
एहतियात के तौर पर प्रभावित जिलों में स्कूल और अन्य शिक्षण संस्थान बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं. मलकानगिरी में 2,135 लोगों को 33 अस्थायी राहत शिविरों में पहुंचाया गया है. प्रशासन निचले इलाकों और भूस्खलन की आशंका वाले रास्तों पर विशेष निगरानी रख रहा है.
?ref_src=twsrc%5Etfw">
यानम में 19 राहत शिविर, पुलिस और NDRF की टीमें मैदान में
यानम के पुलिस अधीक्षक वरधा राजन के मुताबिक, राजस्व विभाग ने 19 राहत शिविर चिह्नित किए हैं. लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए सतर्क किया गया है. पुलिस, NDRF और SDRF की टीमें सड़कों और रिहायशी इलाकों से गिरे हुए पेड़ हटाने में जुटी हैं.
अधिकारियों के अनुसार, यानम में अब तक किसी की मौत की सूचना नहीं मिली है. प्रशासन का जोर रास्ते खोलने, बिजली बहाल करने और लोगों को सुरक्षित रखने पर है.
Also Read: चक्रवात 'अर्नब' की आंध्र तट पर दस्तक: उखड़े पेड़.. सड़कों तक आ रहीं उफनती लहरें; ओडिशा-झारखंड और बंगाल में भारी बारिश