Wednesday, 28 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

साइबर ठगी के लिए बैंक खाते देने वाले 4 गिरफ्तार:बेरला पुलिस की कार्रवाई, 42 लाख से ज्यादा का संदिग्ध लेनदेन सामने आया

INT News28 October 2026 at 02:56 pm

बेमेतरा में साइबर ठगी की रकम के लेनदेन के लिए बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले म्यूल अकाउंट धारकों और खाते उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है। बेरला पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया है। पुलिस के अनुसार, तीन आरोपियों के चार बैंक खातों से वर्ष 2024 में कुल 42 लाख 71 हजार 94 रुपए का संदिग्ध लेनदेन हुआ। जांच में इन खातों से जुड़ी दूसरे राज्यों की साइबर ठगी की शिकायतें भी सामने आई हैं। खाते और ATM कार्ड देने के बदले लिए पैसे पुलिस के मुताबिक, थाना बेरला को सूचना मिली थी कि ग्राम बोरिया के कुछ बैंक खातों का इस्तेमाल साइबर धोखाधड़ी की रकम प्राप्त करने के लिए किया जा रहा है। जांच में पीयूष टंडन, प्रेमसागर टंडन और तुषार बंजारे के बैंक खातों का म्यूल अकाउंट के रूप में इस्तेमाल किए जाने की जानकारी सामने आई। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि पीयूष टंडन भिलाई के सुपेला स्थित एक होटल में काम करता था। इसी दौरान उसकी पहचान अभिषेक दुर्गा से हुई। पुलिस के अनुसार, अभिषेक ने बैंक खाता और ATM कार्ड उपलब्ध कराने के बदले पैसे देने की बात कही थी। इसके बाद पीयूष ने अपना बैंक खाता 6 हजार रुपए में, प्रेमसागर टंडन ने 3 हजार रुपए में और तुषार बंजारे ने पंजाब नेशनल बैंक तथा बंधन बैंक के खाते उपलब्ध कराने के बदले 2,500 रुपए लिए। पुलिस का कहना है कि इन खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम के लेनदेन के लिए किया गया। चार बैंक खातों से 42.71 लाख रुपए का लेनदेन बैंक से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपियों के खातों से वर्ष 2024 में हुए लेनदेन का ब्योरा इस प्रकार है। पुलिस के मुताबिक, 1 जनवरी से 31 दिसंबर 2024 के बीच इन चार खातों से कुल 42 लाख 71 हजार 94 रुपए का संदिग्ध लेनदेन हुआ। कई राज्यों में साइबर ठगी की शिकायतें जांच में तुषार बंजारे के पंजाब नेशनल बैंक खाते में साइबर ठगी की रकम आने के संबंध में हरियाणा, पंजाब, गुजरात और महाराष्ट्र से पांच शिकायतें दर्ज होने की जानकारी मिली है। इन शिकायतों में कुल 3 लाख 64 हजार रुपए की ठगी की रकम का उल्लेख है। तुषार के बंधन बैंक खाते के संबंध में हरियाणा और महाराष्ट्र में दो शिकायतें दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। इनकी शिकायत राशि 11 हजार 800 रुपए बताई गई है। इसके अलावा प्रेमसागर टंडन के पंजाब नेशनल बैंक खाते के संबंध में झारखंड और पीयूष टंडन के बैंक ऑफ इंडिया खाते के संबंध में उत्तर प्रदेश से भी शिकायत मिली है। 25 और 26 अक्टूबर को हुई गिरफ्तारी बेरला पुलिस ने मामले में अभिषेक दुर्गा (22), निवासी सुपेला, जिला दुर्ग, पीयूष टंडन (24), तुषार बंजारे (22) और प्रेमसागर टंडन (21), निवासी ग्राम बोरिया, जिला बेमेतरा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 317(2), 317(4), 317(5) और 3(5) के तहत कार्रवाई की। चारों को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस का कहना है कि साइबर ठगी में इस्तेमाल किए जाने वाले बैंक खातों की पहचान कर खाताधारकों और ऐसे खाते उपलब्ध कराने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी है।