समाचार · मध्य प्रदेश
कटनी में सरकारी जमीन पर अवैध प्लाट बैच रहे भूमाफिया:नागरिक ने नगर-निगम आयुक्त से शिकायत की; जांच टीम भेजकर कार्रवाई की तैयारी
कटनी नगर निगम क्षेत्र में शासकीय भूमि पर अवैध प्लॉटिंग की शिकायत सामने आई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रंगनाथ मंदिर के पीछे शासकीय भूमि पर अवैध रूप से ले-आउट काटकर प्लाट बेचे जा रहे हैं। इस संबंध में निवासी विकास तिवारी ने बुधवार को नगर निगम आयुक्त को लिखित शिकायत सौंपकर जांच और कार्रवाई की मांग की। नगर निगम के अनुसार, शिकायत मिलने के बाद मौके का निरीक्षण करने के लिए जांच टीम भेजी गई है। खसरा नंबरों के इस्तेमाल पर उठाए सवाल शिकायतकर्ता विकास तिवारी के अनुसार, हल्का टिकरिया क्षेत्र में रंगनाथ मंदिर के पीछे स्थित सरकारी जमीन पर कथित तौर पर प्लॉटिंग की जा रही है। शिकायत में सुरेश पिता शंभूलाल साहू, निवासी आचार्य कृपलानी वार्ड, माधवनगर, कटनी पर सरकारी भूमि पर कब्जा करने और प्लॉट बेचने के लिए खसरा नंबर 1271/1 और 1271/4 का इस्तेमाल करने के आरोप लगाए गए हैं। शिकायतकर्ता का दावा है कि ये दोनों खसरा नंबर ग्राम मुड़वारा, हल्का मुड़वारा की भूमि से संबंधित हैं और वहां पहले से पक्के मकान बने हुए हैं। उनके अनुसार, संबंधित स्थान पर खाली जमीन उपलब्ध नहीं है। इसके बावजूद आम जनता की पसीने की कमाई को ठगने के लिए भूमाफिया सरकारी जमीन पर कब्जा देकर अवैध सौदे कर रहे हैं। जांच के बाद कार्रवाई करेगा नगर निगम नगर निगम के उपायुक्त शैलेश गुप्ता ने बताया कि कार्यालय को मामले में लिखित शिकायत मिली है। शिकायत के बाद जांच टीम को मौके का निरीक्षण करने के लिए भेजा गया है। उपायुक्त के अनुसार, जांच रिपोर्ट में शिकायत सही पाए जाने पर अवैध प्लॉटिंग और सरकारी जमीन पर कब्जे से जुड़े मामले में संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल जांच रिपोर्ट के निष्कर्ष सामने आना बाकी हैं।