समाचार · मध्य प्रदेश
रेलवे फाटक के पास मिला एनसीएल असिस्टेंट मैनेजर का शव:रजत प्रताप सिंह का मोबाइल गायब, पुलिस कॉल डिटेल से तलाशेगी आखिरी बातचीत
सिंगरौली के मोरवा थाना क्षेत्र में सीईटीआई कॉलोनी के पास रेलवे फाटक से 20 से 25 मीटर दूर शनिवार देर शाम मिले युवक के शव की पहचान रविवार को हुई। मृतक की पहचान रजत प्रताप सिंह के रूप में हुई है। वे शिव कुमार के बेटे और उत्तर प्रदेश के कानपुर क्षेत्र के निवासी थे। रजत एनसीएल की झिंगुरदह परियोजना के ई एंड एम (EM) विभाग में असिस्टेंट मैनेजर थे। वे परियोजना क्षेत्र में ही रहते थे। पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल के पास मिले एनसीएल पहचान पत्र से उनकी पहचान हुई। घटनास्थल से मोबाइल फोन गायब पुलिस जांच कर रही है कि रजत झिंगुरदह से मोरवा कैसे पहुंचे और घटना से पहले किन परिस्थितियों में थे। घटनास्थल से उनका मोबाइल फोन नहीं मिला है। मोरवा थाना प्रभारी डॉ. ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि मोबाइल फोन की तलाश की जा रही है। पुलिस कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) के जरिए यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि घटना से पहले रजत ने किन लोगों से बात की थी और उनकी आखिरी गतिविधियां क्या थीं। परिजनों के आने के बाद होगा पोस्टमार्टम सूचना मिलने के बाद परिजन सिंगरौली के लिए रवाना हो गए हैं। उनके पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। घटना में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, लेकिन पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद स्पष्ट होगा।