समाचार · मध्य प्रदेश
खरगोन में 500 से ज्यादा स्वयंसेवकों ने पथ संचलन किया:घोष की धुन पर 4 किमी चले; 10 से ज्यादा जगह हुआ स्वागत
खरगोन में विजयादशमी पर रविवार शाम राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का युवा पथ संचलन निकाला गया। इसमें 500 से ज्यादा स्वयंसेवक पूरे गणवेश में दंड लेकर घोष की धुन पर चले। संचलन ने करीब 4 किमी का रास्ता तय किया। 10 से ज्यादा जगह धार्मिक और समाजसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। इससे पहले शाम 5 बजे अशोक सिंघल वाटिका में स्वयंसेवक जुटे। बौद्धिक कार्यक्रम में नगर संघचालक हुकुम वर्मा और मुख्य अतिथि गजेंद्र चौहान मंच पर मौजूद रहे। विभाग महाविद्यालय कार्य प्रमुख बादल जी ने युवाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि युवा संस्कारवान होने के साथ राष्ट्रभाव से ओतप्रोत हों। उन्होंने अनुशासन, समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्व निभाने का संदेश दिया। इसके बाद राधावल्लभ मार्केट गार्डन से संचलन शुरू हुआ। यह छठी माता मंदिर, गुरुनानक चौराहा, तिलक पथ, तालाब चौक, पहाड़सिंहपुरा, गुरवा दरवाजा, झंडा चौक, भावसार मोहल्ला और तलाई मार्ग से होते हुए वापस एकत्रीकरण स्थल पहुंचा। संघ की 100 साल की यात्रा और 101वें वर्ष में प्रवेश के मौके पर युवाओं में उत्साह नजर आया।