Sunday, 1 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

जांच में दूध में कचरा, मच्छर और मक्खियां मिलीं:मऊगंज में ठाकुर डेयरी से नमूने भोपाल भेजे; संगम स्वीट्स से भी मिठाइयों के सैंपल लिए

INT News1 November 2026 at 07:50 pm

मऊगंज जिले में दीपावली से पहले मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए जिला प्रशासन ने बाजार में जांच अभियान चलाया। रविवार शाम खाद्य सुरक्षा और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने संगम स्वीट्स और ठाकुर डेयरी की जांच की। दोनों प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर भोपाल भेजे गए। जांच के दौरान कमियां मिलने के बाद भी बाजार की सैकड़ों मिठाई और डेयरी दुकानों में से सिर्फ 2 प्रतिष्ठानों की जांच होने पर स्थानीय लोगों ने अभियान के दायरे और कार्रवाई पर सवाल उठाए। संगम स्वीट्स में सफाई नहीं मिली कलेक्टर राजेश कुमार ओंगरे के निर्देश पर नायब तहसीलदार नीरज दुबे और फूड इंस्पेक्टर अमित तिवारी की टीम ने सबसे पहले संगम स्वीट्स की जांच की। यहां से मिल्क केक, लड्डू और अन्य मिठाइयों के नमूने लिए गए। टीम को दुकान में साफ-सफाई की व्यवस्था भी ठीक नहीं मिली। संचालक को व्यवस्था सुधारने के लिए नोटिस देने की बात कही गई। इसके बाद टीम ठाकुर डेयरी पहुंची। यहां करीब 1 हजार लीटर क्षमता वाले टैंक और दूध रखने के कंटेनरों की जांच की गई। प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक, दूध में कचरा, मच्छर और मक्खियां मिलीं। इसके नमूने राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे गए हैं। डेयरी संचालक संतोष सिंह ने कहा कि शुरुआती जांच में कोई गड़बड़ी नहीं मिली थी। उनके मुताबिक, कंटेनर खुलवाने के दौरान मक्खियां गिरी थीं। दूध में गंदगी मिली, पूरा टैंक खाली नहीं कराया स्थानीय लोगों और मौके पर मौजूद लोगों ने आरोप लगाया कि दूध में गंदगी मिलने के बावजूद टैंक का पूरा दूध नष्ट नहीं कराया गया। उनका कहना है कि टीम सिर्फ नमूने लेकर चली गई। विभाग ने यह स्पष्ट नहीं किया कि दूध की बिक्री रोकने या उसे नष्ट कराने के लिए क्या कदम उठाए गए। नमूनों और जब्त सामग्री को ले जाने के लिए नगर पंचायत के लिफ्ट वाहन का इस्तेमाल किए जाने की बात भी सामने आई। इस व्यवस्था पर भी लोगों ने सवाल उठाए। बाकी दुकानों की जांच कब होगी? मऊगंज बाजार में बड़ी संख्या में मिठाई, मावा, पनीर और डेयरी उत्पादों की दुकानें संचालित हैं। ऐसे में नागरिकों का सवाल है कि जांच अभियान केवल 2 प्रतिष्ठानों तक क्यों सीमित रहा? क्या अन्य दुकानों में भी खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता की जांच की जाएगी? फिलहाल, प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद ही लिए गए नमूनों की गुणवत्ता स्पष्ट होगी। नागरिकों की मांग है कि त्योहार के दौरान ही नहीं, बल्कि नियमित रूप से सभी मिठाई दुकानों और डेयरियों की जांच की जाए, ताकि खाद्य पदार्थों की शुद्धता सुनिश्चित हो और आम लोगों के स्वास्थ्य की सुरक्षा हो सके।