समाचार · झारखंड
हजारीबाग होटल फायरिंग केस में राहुल दुबे गैंग के 3 संदिग्ध पकड़े गये, स्कॉर्पियो भी जब्त

हजारीबाग: हजारीबाग के प्रसिद्ध एके इंटरनेशनल होटल में फायरिंग के मामले में राहुल दुबे गैंग के तीन संदिग्ध आरोपियों को पकड़कर पुलिस पूछताछ कर रही है. पुलिस ने एक स्कॉर्पियो वाहन भी जब्त किया है. कोर्रा पुलिस जब्त स्कॉर्पियो को अपने कब्जे में लेकर उसके चेसिस और रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर असली मालिक के नाम और पते की जानकारी जुटा रही है.
गुप्त स्थान पर रखकर आरोपियों से पूछताछ
बड़कागांव एसडीपीओ अमित आनंद, कोर्रा थाना प्रभारी नेमधारी रजक और चुरचू थाना प्रभारी पकड़े गये आरोपियों को गुप्त स्थान पर रखकर पूछताछ कर रहे हैं. पुलिस सूत्रों के अनुसार, पकड़े गये आरोपियों के पास से पिस्टल और गोली बरामद हुई है. हालांकि, पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है.
29 अक्टूबर की रात होटल के गेट पर हुई थी फायरिंग
बता दें कि 29 अक्टूबर की रात मटवारी स्थित एके इंटरनेशनल होटल के गेट पर अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग की थी और फरार हो गये थे. इस संबंध में पुलिस ने कई स्थानों से सीसीटीवी फुटेज इकट्ठा किया है. जानकारी के अनुसार, सभी बदमाश चार पहिया वाहन से आये थे. वाहन को कुछ दूरी पर खड़ा कर होटल पर फायरिंग की थी.
होटल संचालक से मांगी गयी थी रंगदारी
इसके पहले राहुल गैंग की ओर से होटल संचालक से अज्ञात नंबर से रंगदारी मांगी गयी थी. इस संबंध में होटल संचालक अभय सिंह ने कोर्रा थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी थी. प्राथमिकी के अनुसार, गैंग के सरगना राहुल दुबे सहित चार अपराधियों को आरोपी बनाया गया है.