Sunday, 1 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

उज्जैन में बिना सूचना चैंबर की सफाई नहीं होगी:4 कर्मचारियों की मौत के बाद निगम सख्त; होटल-रेस्टोरेंट की जांच शुरू

INT News1 November 2026 at 07:45 pm

उज्जैन के श्री गंगा होटल में चैंबर की सफाई के दौरान चार कर्मचारियों की मौत के बाद रविवार शाम नगर निगम ने शहर के होटल और रेस्टोरेंट में सफाई व्यवस्था के साथ सुरक्षा इंतजामों की जांच शुरू कर दी है। अब होटल और रेस्टोरेंट संचालकों को टैंक या चैंबर की सफाई कराने से पहले नगर निगम को सूचना देनी होगी। निगम की जानकारी और सहयोग के बिना सफाई नहीं कराई जा सकेगी। रविवार को नगर निगम के अधिकारियों ने अपना स्वीट्स, होटल आश्रय और होटल सममारा की बल्क वेस्ट जनरेटर (BWG) इकाइयों का विशेष निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने टैंकों की सफाई, ढक्कनों की उपलब्धता, मशीनों के रखरखाव और कर्मचारियों की सुरक्षा के इंतजामों की जांच की। निरीक्षण में मिली कमियों को दूर करने के निर्देश दिए गए। निगम ने स्पष्ट किया कि लापरवाही मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। होटल संचालकों को नोटिस देंगे महापौर मुकेश टटवाल ने रविवार शाम 5 बजे नगर निगम आयुक्त को निर्देश दिए कि प्रत्येक जोन और वार्ड में टीमें भेजकर होटल और रेस्टोरेंट की सफाई व्यवस्था व सुरक्षा इंतजामों की जांच कराई जाए। होटल संचालकों को नोटिस भी जारी किए जाएंगे। महापौर ने सफाई मित्रों से अपील की कि नगर निगम की जानकारी और जरूरी सुरक्षा इंतजामों के बिना किसी भी चैंबर या टैंक में सफाई के लिए अंदर न उतरें। अधिकारियों ने देखे सुरक्षा इंतजाम निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त पवन कुमार सिंह, उपायुक्त योगेंद्र सिंह पटेल, संजेश गुप्ता, सहायक आयुक्त रविकांत मगरदे और फीडबैक फाउंडेशन के प्रतिनिधि मौजूद रहे। नगर निगम अब शहर के अन्य होटल, रेस्टोरेंट और बल्क वेस्ट जनरेटर इकाइयों का भी निरीक्षण करेगा। हादसे के बाद निगम ने सफाई व्यवस्था के साथ कर्मचारियों की सुरक्षा और प्रतिष्ठान संचालकों की जवाबदेही पर भी सख्ती शुरू कर दी है। यह था पूरा मामला उज्जैन-देवास रोड स्थित श्री गंगा होटल में रात के समय चैंबर की सफाई के लिए एक के बाद एक चार कर्मचारी अंदर उतरे थे। चैंबर में जहरीली गैस के प्रभाव या दम घुटने से चारों की मौत हो गई। हादसे में दो अन्य लोगों की तबीयत बिगड़ गई थी, जबकि एक सब-इंस्पेक्टर भी घायल हुआ था। इस हादसे के बाद नगर निगम ने शहर के होटल और रेस्टोरेंट की जांच शुरू की है। अब चैंबर या टैंक की सफाई से पहले निगम को सूचना देना जरूरी होगा। निगम की टीमें हर जोन और वार्ड में निरीक्षण करेंगी। लापरवाही मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।