समाचार · हरियाणा
फरीदाबाद में दोस्तों की बाइक को टैंकर ने मारी टक्कर:डयूटी से घर लौट रहे थे, चाय पीने के लिए रास्ते में रूके, मृतक यूपी का रहने वाला
फरीदाबाद के ग्रेटर फरीदाबाद में रविवार को सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। ड्यूटी खत्म होने के बाद घर लौट रहे दो बाइक सवार दोस्तों को दूध के टैंकर ने टक्कर मार दी। हादसा बिहारी मार्केट चौक के पास हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। दूसरे की नाजुक हालत को देखते हुए उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया। हादसे के बाद टैंकर चालक मौके से फरार हो गया। ड्यूटी के बाद चाय पीने के लिए रुके थे दोनों पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक अरुण मूल रूप से उत्तर प्रदेश के प्रयागराज का रहने वाला था। वह पिछले सप्ताह ही फरीदाबाद में अपने भाई के पास रहने आया था। यहां उसे एस्कॉर्ट्स कंपनी में ट्रैक्टर चालक की नौकरी मिली थी। रविवार सुबह करीब साढ़े तीन बजे ड्यूटी पूरी होने के बाद वह अपने साथी प्रांजल के साथ बाइक पर सेक्टर-88 स्थित घर लौट रहा था। रास्ते में दोनों बिहारी मार्केट चौक के पास चाय पीने के लिए रुक गए। बाइक आगे बढ़ाते ही टैंकर ने मारी टक्कर चाय पीने के बाद दोनों ने बाइक से घर की तरफ चलना शुरू किया ही था कि दूध के टैंकर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। सूचना मिलने पर दोनों को नजदीकी निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने अरुण को मृत घोषित कर दिया, जबकि प्रांजल की गंभीर हालत को देखते हुए उसे सफदरजंग अस्पताल दिल्ली भेज दिया गया। परिवार को सौंपा शव, टैंकर चालक की तलाश खेड़ीपुल थाना पुलिस ने अरुण के शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। जांच अधिकारी एसआई भूपेंद्र के मुताबिक, मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। हादसे के बाद फरार हुए दूध के टैंकर चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस घटनास्थल और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।