Sunday, 1 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

बैतूल: मां-बेटे का अपहरण, कार में बैठाकर ले गए बदमाश:महिला के ब्वॉयफ्रेंड पर आरोप; 4 टीआई और 2 डीएसपी की टीम तलाश में जुटी

INT News1 November 2026 at 07:50 pm

बैतूल के बालईमाल गांव में 10-12 लोग कार से आए। घर में जबरन घुसे और एक महिला व उसके एक साल के बेटे को अपने साथ ले गए। घटना बीजादेही थाना क्षेत्र की है। रविवार को घटना के 24 घंटे बाद भी महिला-बच्चे का पता नहीं चला। पुलिस की 4 थाना प्रभारियों और 2 डीएसपी की टीमें उनकी तलाश में जुटी हैं। पुलिस को एक बोलेरो वाहन नागपुर की ओर जाते हुए दिखाई देने की सूचना मिली है। लेकिन महिला और बच्चा कहां हैं, इसकी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस के मुताबिक, महिला को ले जाने के आरोप में बबलू यादव, उसका बुआ का लड़का नरेश और भांजा जितेंद्र शामिल हैं। घटना के बाद से तीनों के मोबाइल नंबर बंद आ रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। सोशल मीडिया पर साथ की तस्वीरें मिलीं पुलिस सूत्रों के अनुसार, महिला और मुख्य आरोपी बबलू यादव पहले से एक-दूसरे को जानते थे। दोनों के सोशल मीडिया अकाउंट पर साथ की कई तस्वीरें मिली हैं। महिला का भाई भी बबलू को जानता है। दोनों के बीच कई साल से दोस्ती बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, महिला का करीब एक साल पहले पति से तलाक हो चुका है। वह कुछ समय बबलू के साथ भी रही थी। बबलू यादव शादीशुदा है। सोशल मीडिया पर महिला के साथ तस्वीरों को लेकर उसके परिवार में भी विवाद होने की बात सामने आई है। पुलिस इन सभी पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल उसकी प्राथमिकता महिला और बच्चे को सुरक्षित तलाशना है। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद घटना की परिस्थितियों और अन्य तथ्यों का पता चल सकेगा।