समाचार · पंजाब
लुधियाना में पुलिसकर्मी ने AK-47 से किए 4 फायर:दोस्त के साथ मिलकर हवा में चलाई गोलियां, इलाके में मचा हड़कंप, दर्ज हुआ पर्चा
लुधियाना के काकोवाल रोड स्थित गगनदीप कॉलोनी में शनिवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक पुलिसकर्मी ने अपनी सर्विस AK-47 राइफल से हवा में चार गोलियां चला दीं। गनीमत रही कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ। आरोपी पुलिसकर्मी की पहचान लवप्रीत सिंह के रूप में हुई है, जो एक स्थानीय एक्टिविस्ट के साथ गनमैन के तौर पर तैनात है। पुलिस के मुताबिक, लवप्रीत सिंह अपने दोस्त वरुण कुमार के साथ शनिवार देर रात गगनदीप कॉलोनी पहुंचा था। बताया जा रहा है कि वरुण का कॉलोनी निवासी राज कुमार के साथ किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। दोनों कथित तौर पर शराब के नशे में थे और राज कुमार से सामना करने पहुंचे थे। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर लवप्रीत सिंह ने कार से अपनी AK-47 राइफल निकाली और हवा में चार राउंड फायर कर दिए। इसके बाद उसने राज कुमार को धमकी भी दी और अपने दोस्त के साथ मौके से फरार हो गया। घटना के बाद राज कुमार ने रविवार सुबह जोधेवाल थाने पहुंचकर पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत की जांच के बाद कांस्टेबल लवप्रीत सिंह और उसके दोस्त वरुण कुमार के खिलाफ FIR दर्ज कर ली। ADCP ऑपरेशन संदीप वढेरा ने बताया कि मामले में पुलिसकर्मी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू की जा रही है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।