समाचार · मध्य प्रदेश
घर के वॉशरूम में मिली महिला की डीकंपोज्ड बॉडी:इंदौर के सूर्यदेव नगर में 4 दिन पुराना शव मिला, बदबू आने पर खुलासा
इंदौर के सूर्यदेव नगर में शुक्रवार शाम 38 वर्षीय महिला की उसके घर के वॉशरूम में करीब चार दिन पुरानी डीकंपोज्ड बॉडी मिली। घर से तेज बदबू आने पर पड़ोसियों ने रिश्तेदारों को सूचना दी। इसके बाद रिश्तेदारों ने पुलिस को बुलाया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घर का ताला तोड़कर बाथरूम से अनुराधा एकतारे (38) का शव बरामद किया। पुलिस घटना की जांच कर रही है। मां के निधन के बाद अकेली रह रही थी रिश्तेदारों ने बताया कि अनुराधा की मां रंजना की पिछले साल मौत हो गई थी। इसके बाद से वह घर में अकेली रह रही थी। बताया गया कि अनुराधा अपनी निजी जिंदगी में किसी का दखल पसंद नहीं करती थी और अकेले रहना चाहती थी, इसलिए रिश्तेदारों ने भी उससे दूरी बना ली थी। हालांकि, उसके घर पर कुछ लोगों का आना-जाना बना रहता था। बदबू आने पर पुलिस को दी सूचना शुक्रवार को पड़ोसियों ने अनुराधा के घर से तेज बदबू आने पर रिश्तेदारों को फोन किया। रिश्तेदारों ने पुलिस को सूचना दी। शव पूरी तरह डीकंपोज हो चुका था, जिससे मौत कई दिन पहले होने का अनुमान है। पोस्टमार्टम से साफ होगी मौत की वजह पुलिस ने शुक्रवार शाम शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। शनिवार को पोस्टमार्टम किया जाएगा। रिश्तेदारों ने फिलहाल किसी व्यक्ति पर शक नहीं जताया है। पुलिस हादसे समेत दूसरे पहलुओं पर जांच कर रही है। घर पर आने-जाने वाले लोगों से पूछताछ के बाद मौत की वजह और समय का पता चल सकेगा।