Saturday, 14 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national · मध्य प्रदेश

जीतू पटवारी बोले-MP से हर रोज 400 ट्रक से गुजरात पहुंच रही अवैध शराब

INT News13 November 2026 at 09:11 pm

मध्य प्रदेश में अवैध शराब के कारोबार को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने आरोप लगाया है कि मध्य प्रदेश से रोजाना करीब 400 ट्रक अवैध शराब गुजरात पहुंच रही है. उन्होंने इस पूरे खेल में सरकारी तंत्र की मिलीभगत का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव से सख्त कार्रवाई की मांग की है.

इंदौर में शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए जीतू पटवारी ने कहा कि शराब माफिया की कार्यप्रणाली कोई रॉकेट साइंस नहीं है. डिस्टलरी से शराब लाइसेंसी दुकानों तक पहुंचती है और इसके बाद कथित तौर पर अवैध तरीके से इसकी बिक्री की जाती है.

जीतू पटवारी ने कहा- थाना प्रभारी पर गिरे गाज

अवैध शराब और नशीले पदार्थों के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए पटवारी ने मुख्यमंत्री मोहन यादव के सामने एक प्रस्ताव भी रखा. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को ऐसा फैसला लेना चाहिए कि जिस थाना क्षेत्र में अवैध या जहरीली शराब अथवा अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री होती है, वहां के थाना प्रभारी को एक साल तक निलंबित रखा जाए. उन्होंने कहा कि इस एक फैसले से नशे के अवैध कारोबार पर 50 प्रतिशत तक अंकुश लगाया जा सकता है.

सोनिया गांधी की किताब को त्याग की मिसाल बताया

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी की पुस्तक ‘बिलॉन्गिंग : ए जर्नी ऑफ लव’ पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी. पीटीआई न्यूज एजेंसी के मुताबिक, उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी ने इस किताब के माध्यम से अपनी जिंदगी के महत्वपूर्ण पलों को देश और दुनिया के सामने रखा है. पटवारी ने प्रधानमंत्री पद स्वीकार नहीं करने के सोनिया गांधी के फैसले का जिक्र करते हुए कहा कि देश के इतिहास में त्याग का ऐसा दूसरा उदाहरण नहीं मिलता.

इंदौर से स्वच्छ शहर का तमगा छिनने पर महापौर को घेरा

राष्ट्रीय स्वच्छता रैंकिंग के हालिया परिणामों को लेकर जीतू पटवारी ने इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि महापौर की अकर्मण्यता और नगर निगम में व्याप्त भ्रष्टाचार के कारण इंदौर से देश के सबसे स्वच्छ शहर का तमगा छिन गया. उन्होने कहा कि स्थानीय नागरिकों और सफाई कर्मचारियों की मेहनत से इंदौर को लगातार आठ बार देश का सबसे स्वच्छ शहर होने का गौरव मिला था. उन्होंने इस उपलब्धि को बरकरार नहीं रख पाने के लिए महापौर से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की.

ये भी पढ़ें: भगवंत मान को पाकिस्तान से आया न्योता, क्या जाएंगे? MEA ने दिया ये जवाब