समाचार · उत्तर प्रदेश
‘मैं खुद क्रिमिनल था, अब केले बेच रहा हूं’, हर्ष गुजराल का किस्सा सुनकर क्यों हंस पड़े CM योगी, जानें पूरी बात

UP News: कॉमेडियन हर्ष गुजराल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में वह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ मंच साझा करते नजर आ रहे हैं. हर्ष अपने मजाकिया अंदाज में मुख्यमंत्री से बातचीत करते हैं और उत्तर प्रदेश की तरक्की का जिक्र करते हैं. इस दौरान वह लखनऊ में मिले एक केले बेचने वाले का किस्सा सुनाते हैं. उनकी बात सुनकर सीएम योगी भी अपनी हंसी नहीं रोक पाते हैं.
सीएम योगी से पूछा क्या वह कॉमेडी देखते हैं
हर्ष गुजराल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बातचीत के दौरान कहा कि उनका काम लोगों को हंसाना और तनाव दूर करना है. उन्होंने सीएम योगी से कहा कि पूरे उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी उनके कंधों पर है. ऐसे में वह जानना चाहते हैं कि मुख्यमंत्री कॉमेडी देखते हैं या नहीं. हर्ष की यह बात सुनकर योगी आदित्यनाथ मुस्कुराने लगते हैं और हां में सिर हिलाते हैं. इसके बाद मंच पर मौजूद लोगों के बीच भी हंसी का माहौल बन जाता है.
अवॉर्ड देने पहुंचे सीएम योगी तो हर्ष ने कही मजेदार बात
वीडियो में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथ में एक अवॉर्ड भी नजर आता है, जिसे वह हर्ष गुजराल को देने के लिए आगे बढ़ाते हैं. इस पर हर्ष कहते हैं कि वह मुख्यमंत्री के लिए कुछ सोचकर आए थे, लेकिन बोलने के लिए उनकी इजाजत चाहिए. इसके बाद सीएम योगी उन्हें अवॉर्ड देने लगते हैं. इस पर हर्ष मजाक करते हुए कहते हैं कि महाराज जी कह रहे हैं कि पहले इसे पकड़ लो. उनकी इस बात पर मुख्यमंत्री हंस पड़ते हैं.
हर्ष ने बताया विदेश में भी यूपी के नाम की चर्चा
हर्ष गुजराल ने उत्तर प्रदेश की तरक्की का जिक्र करते हुए कहा कि अब विदेशों में भी यूपी की चर्चा होती है. उन्होंने बताया कि जब वह विदेश में शो करने जाते हैं तो वहां के लोग भी उत्तर प्रदेश का नाम सुनकर हैरानी जताते हैं. हर्ष ने मजाकिया अंदाज में कहा कि इसके दो कारण हैं, पहला उत्तर प्रदेश के लोग और दूसरा यहां के योगी. उनकी इस बात पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जोर से हंसने लगते हैं. हर्ष ने अपने अंदाज में यूपी की पहचान और यहां के लोगों का भी जिक्र किया.
केले बेचने वाले ने बताई ऐसी बात कि हंस पड़े योगी
हर्ष ने उत्तर प्रदेश में अपराध की स्थिति पर बात करते हुए लखनऊ का एक किस्सा सुनाया. उन्होंने बताया कि एक बार वह लखनऊ में घूम रहे थे, तभी उन्होंने एक केले बेचने वाले से पूछा कि यहां अपराध का क्या हाल है. इस पर दुकानदार ने जवाब दिया कि अपराध पूरी तरह खत्म हो गया है. जब हर्ष ने उससे पूछा कि उसे यह बात कैसे पता है, तो दुकानदार ने कहा, 'मैं खुद क्रिमिनल था, अब केले बेच रहा हूं.' यह सुनकर सीएम योगी ठहाके लगाने लगे. हर्ष भी उनके सामने झुककर अभिवादन करते नजर आए.
सोशल मीडिया पर लोगों ने दिए मजेदार रिएक्शन
हर्ष गुजराल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का यह वीडियो लोगों का ध्यान खींच रहा है. सोशल मीडिया पर कई लोगों ने हर्ष के मजाकिया अंदाज की तारीफ की, तो कुछ ने उत्तर प्रदेश में अपराध को लेकर उनकी बात पर अपनी राय रखी. एक यूजर ने कहा कि यूपी में अपराध की चर्चा करने का यह अंदाज काफी अलग है. वहीं, कुछ लोगों ने योगी आदित्यनाथ की तारीफ करते हुए टिप्पणियां कीं. एक अन्य यूजर ने मजाक में लिखा कि हर्ष अवॉर्ड नहीं पकड़ रहे थे, इसलिए उसे टेंशन हो रही थी.
गौरव खन्ना पर टिप्पणी और समन को लेकर भी चर्चा में रहे हर्ष
हर्ष गुजराल अपने लाइव शो और यूट्यूब वीडियो में रोजमर्रा की घटनाओं को मजेदार अंदाज में पेश करने के लिए जाने जाते हैं. इससे पहले वह रियलिटी शो 'खतरों के खिलाड़ी 15' के फिनाले के दौरान अभिनेता गौरव खन्ना की निजी जिंदगी पर टिप्पणी करने को लेकर चर्चा में आए थे. इस टिप्पणी के बाद उन्हें आलोचना का सामना करना पड़ा था. इसके अलावा, कथित अश्लील चुटकुलों से जुड़े एक मामले में महाराष्ट्र साइबर सेल ने हर्ष गुजराल और कॉमेडियन मधुर विरली को समन भेजा था. उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, यह जांच एक महिला की शिकायत के बाद शुरू हुई थी.
Must Read: UP MLC Election Result: बीजेपी ने 5 सीटें जीतीं, सपा ने 3 पर मारी बाजी, PM मोदी के गढ़ वाराणसी में BJP को झटका