समाचार · मध्य प्रदेश
सीधी में नदी के तेज बहाव में बही सड़क:भमरहा-गजरही-गाजर मार्ग बंद; 6 हजार लोगों की आवाजाही प्रभावित
सीधी जिले में देर रात हुई तेज बारिश के बाद नदी-नाले उफान पर आ गए। भमरहा इलाके में नदी का पानी अचानक बढ़ने और तेज बहाव आने से नदी किनारे बनी सड़क का बड़ा हिस्सा बह गया। सड़क टूटने के बाद भमरहा से गजरही होते हुए गाजर जाने वाला रास्ता पूरी तरह बंद हो गया है। 6 हजार से ज्यादा लोगों की आवाजाही प्रभावित सड़क बंद होने से भमरहा, गजरही और गाजर क्षेत्र के करीब 6 हजार से ज्यादा लोगों को परेशानी हो रही है। दोनों तरफ से वाहनों की आवाजाही रुक गई है। ग्रामीणों को अब सीधी जिला मुख्यालय जाने के लिए दूसरे और लंबे रास्ते का उपयोग करना पड़ सकता है। तेज बहाव में बह गया सड़क का हिस्सा स्थानीय लोगों के अनुसार, यह सड़क करीब 12 साल पहले बनाई गई थी और लंबे समय से ग्रामीणों के लिए मुख्य संपर्क मार्ग थी। देर रात हुई तेज बारिश के बाद नदी का बहाव अचानक बढ़ा और पानी के साथ सड़क का बड़ा हिस्सा बह गया। रविवार सुबह करीब 9 बजे लोगों ने मौके पर पहुंचकर सड़क की स्थिति देखी। हर साल बारिश में बना रहता है खतरा ग्रामीणों का कहना है कि नदी के किनारे सड़क होने के कारण बारिश के मौसम में यहां पहले से खतरा बना रहता है। इस बार नदी का बहाव इतना तेज था कि सड़क का बड़ा हिस्सा पूरी तरह बह गया। मार्ग बंद होने से आसपास के गांवों के लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। प्रशासन ने टीम भेजी, वैकल्पिक रास्ते के निर्देश अपर कलेक्टर बीपी पांडे ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम को मौके पर भेजा गया है। लोगों से टूटे हुए रास्ते और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को लोगों की आवाजाही के लिए वैकल्पिक रास्ते की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।