समाचार · मध्य प्रदेश
दीपावली से पहले दूर होंगी शिक्षक एप की विसंगतियां:कमिश्नर से मिले पदाधिकारी; दिसंबर में TET के बाद 40 हजार शिक्षकों के प्रमोशन की तैयारी
मध्यप्रदेश में शिक्षकों के प्रमोशन की प्रक्रिया दिसम्बर में होने वाली शिक्षक पात्रता परीक्षा के रिजल्ट आने के बाद शुरू कर दी जाएगी और अगले साल मार्च तक पात्र शिक्षकों को प्रमोट कर दिया जाएगा। अभी प्रदेश में 40 हजार शिक्षकों के प्रमोशन पात्रता परीक्षा के चलते रुके हैं। इसके साथ ही दिवाली के पहले शिक्षक एप की विसंगतियां दूर करने का प्रयास लोक शिक्षण संचालनालय करेगा। जिसमें शिक्षकों के अवकाश और समय-सीमा को लेकर निर्णय लिया जाएगा। यह आश्वासन शुक्रवार को शिक्षक संगठनों के पदाधिकारियों को लोक शिक्षण आयुक्त अभिषेक सिंह ने दिया है। शिक्षक संगठन ने ज्ञापन सौंपा प्रदेश के शिक्षक संवर्ग की लंबित समस्याओं के निराकरण और नियमित पदोन्नति की मांग को लेकर शासकीय शिक्षक संगठन मध्यप्रदेश के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष उपेन्द्र कौशल एवं गुरुजी संघ के प्रदेश अध्यक्ष राकेश पटेल ने लोक शिक्षण संचालनालय के आयुक्त अभिषेक सिंह एवं संचालक कामना आचार्य से भेंट कर ज्ञापन सौंपा। इन पदाधिकारियों ने आयुक्त अभिषेक सिंह से शिक्षकों की समस्याओं पर चर्चा के दौरान शिक्षक हित मेंं फैसले लेने का आग्रह किया। आयुक्त सिंह ने आश्वस्त किया कि शिक्षक एप एवं ई-अटेंडेंस व्यवस्था में आ रही तकनीकी और प्रक्रियागत समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। संगठन द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में अवकाशों के संधारण, पूर्वाह्न में आधे दिवस के अवकाश की पात्रता, सुबह की पाली में ई-अटेंडेंस लॉगिन के समय में सुधार तथा अन्य विसंगतियों की ओर ध्यान आकर्षित किया गया। आयुक्त ने इन बिंदुओं पर दीपावली से पहले सुधार करने का प्रयास किए जाने की बात कही। इससे प्रदेश के शिक्षकों को ई-अटेंडेंस के दौरान आ रही परेशानियों से राहत मिलने की उम्मीद है। टीईटी के कारण प्रभावित हो रही पदोन्नति प्रक्रिया शिक्षक संवर्ग की नियमित पदोन्नति के मुद्दे पर आयुक्त ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के संदर्भ में शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) की बाध्यता के कारण पदोन्नति प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। उन्होंने यह भी बताया कि उच्च पद का प्रभार प्राप्त शिक्षकों को विधिवत पदोन्नति आदेश जारी करने के लिए विभाग प्रयासरत है। आयुक्त के अनुसार, विभाग दिसंबर माह में टीईटी परीक्षा आयोजित करने की तैयारी कर रहा है। परीक्षा के बाद लगभग 40 हजार शिक्षकों को पदोन्नति देने की विभागीय मंशा है। यदि इस दिशा में प्रक्रिया आगे बढ़ती है, तो लंबे समय से पदोन्नति की प्रतीक्षा कर रहे शिक्षकों को राहत मिलने की संभावना है। उच्च पद का प्रभार नहीं, शिक्षकों को मिले नियमित पदोन्नति का अधिकार संगठन के प्रतिनिधियों ने मांग की कि लंबे समय से उच्च पद का प्रभार संभाल रहे शिक्षकों को केवल प्रभार तक सीमित न रखा जाए, बल्कि नियमानुसार नियमित पदोन्नति प्रदान कर उनके विधिवत पदोन्नति आदेश जारी किए जाएं। साथ ही, पदोन्नति प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया गया, ताकि पात्र शिक्षकों को उनका अधिकार मिल सके। सौजन्य भेंट के दौरान शिक्षक हितों से जुड़े विभिन्न विषयों पर सकारात्मक चर्चा हुई। संगठन ने उम्मीद जताई कि विभाग द्वारा दिए गए आश्वासनों के अनुरूप शिक्षक ऐप की विसंगतियों का निराकरण किया जाएगा और नियमित पदोन्नति के संबंध में भी शीघ्र ठोस निर्णय लिया जाएगा।