समाचार · छत्तीसगढ़
जशपुर में स्टेडियम में स्कॉर्पियो से स्टंटबाजी:पुलिस ने 10,300 रुपये का जुर्माना लगाया, वायरल वीडियो के बाद वाहन जब्त कर कार्रवाई
जशपुरनगर शहर के रणजीता स्टेडियम में स्कॉर्पियो से खतरनाक स्टंटबाजी करने के मामले में यातायात पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने वाहन चालक पर मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत 10,300 रुपए का समन शुल्क लगाया है। सोशल मीडिया पर स्टंटबाजी का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेकर जांच की। इस मामले को डिजिटल ने भी 23 अक्टूबर के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया था। वायरल वीडियो से हुई वाहन की पहचान पुलिस के अनुसार, रणजीता स्टेडियम में दो युवक स्कॉर्पियो से रील बनाने के लिए खतरनाक तरीके से स्टंट कर रहे थे। वीडियो सामने आने के बाद जांच में स्कॉर्पियो क्रमांक CG 11 C 5352 की पहचान हुई। यह वाहन शहर के विष्णुबगान निवासी 18 वर्षीय अरमान मनिहार का बताया गया है। इसके बाद यातायात पुलिस ने वाहन जब्त कर कार्रवाई की। अलग-अलग धाराओं में लगाया जुर्माना पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ अलग-अलग उल्लंघनों के लिए समन शुल्क निर्धारित किया है। खतरनाक तरीके से वाहन चलाने पर धारा 184 के तहत 5,000 रुपए, बीमा नहीं होने पर धारा 196 के तहत 4,000 रुपए,फिटनेस प्रमाणपत्र नहीं होने पर धारा 56/192 के तहत 1,000 रुपए, यातायात नियमों के उल्लंघन पर धारा 119/177 के तहत 300 रुपए, इस तरह कुल 10,300 रुपए का समन शुल्क लगाया गया है। पुलिस ने चालक को समझाइश देते हुए भविष्य में स्टंटबाजी नहीं करने और यातायात नियमों का पालन करने की चेतावनी दी है। सितंबर तक 362 सड़क हादसे, 263 लोगों की मौत जिले में सड़क दुर्घटनाओं और उनमें होने वाली जनहानि पर अंकुश लगाना पुलिस-प्रशासन के लिए चुनौती बना हुआ है। पुलिस विभाग के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2026 में सितंबर तक जिले में 362 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 263 लोगों की जान चली गई। एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के अनुसार, जिले में अधिकांश सड़क दुर्घटनाएं तेज और अनियंत्रित गति, हेलमेट व सीट बेल्ट का इस्तेमाल नहीं करने और यातायात नियमों की अनदेखी के कारण होती हैं। जागरूकता अभियान के साथ चालानी कार्रवाई सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए पुलिस और सामान्य प्रशासन विभाग संयुक्त रूप से प्रयास कर रहे हैं। इसके तहत लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। बीते दो वर्षों से वाहन चालकों से शपथ पत्र भरवाने के साथ ‘हेलमेट नहीं तो यात्रा नहीं’ अभियान भी चलाया जा रहा है। इसके अलावा खतरनाक तरीके से वाहन चलाने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की जा रही है। स्टंटबाजी और मोडिफाइड वाहनों पर सख्ती डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार और डीएसपी ट्रैफिक कुंज राम चौहान के मार्गदर्शन में यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और सुचारु बनाने के लिए कार्रवाई की जा रही है। एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों, स्टंटबाजी करने और मोडिफाइड वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल करने, निर्धारित गति सीम का पालन करने और सड़क पर दूसरों की सुरक्षा का ध्यान रखने की अपील की। पुलिस के मुताबिक, यातायात नियमों का उद्देश्य केवल चालानी कार्रवाई करना नहीं, बल्कि दुर्घटनाओं को रोकना और लोगों की जान बचाना है। नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई और जागरूकता अभियान आगे भी जारी रहेंगे।