समाचार · मध्य प्रदेश
आलीराजपुर में मकान से 222 पेटी अवैध शराब जब्त:9.89 लाख का माल बरामद; आरोपी गिरफ्तार, आबकारी एक्ट में केस
आलीराजपुर जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में बखतगढ़ पुलिस ने ग्राम बखतगढ़ के हरिजन मोहल्ले में एक मकान पर दबिश देकर 222 पेटी अवैध शराब जब्त की है। जब्त शराब की कुल मात्रा 1,976.52 बल्क लीटर है, जिसकी कीमत करीब 9 लाख 89 हजार 500 रुपए आंकी गई है। पुलिस ने मौके से आरोपी अहमद मकरानी (28) को गिरफ्तार किया है। मुखबिर की सूचना पर मकान में दी दबिश पुलिस अधीक्षक समर वर्मा ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण, बिक्री और परिवहन पर रोक लगाने के लिए सभी थाना प्रभारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी के तहत 9 नवंबर को बखतगढ़ पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम बखतगढ़ के हरिजन मोहल्ले में अहमद मकरानी के घर पर बड़ी मात्रा में अवैध शराब रखी गई है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और मकान में दबिश दी। यहां अहमद पिता रजक मकरानी (28), निवासी बाजार फलिया, ग्राम बखतगढ़ को पकड़ा गया। कमरे की तलाशी लेने पर अलग-अलग ब्रांड की शराब की पेटियां मिलीं। पुलिस ने आरोपी से शराब रखने का लाइसेंस और परमिट मांगा, लेकिन वह कोई दस्तावेज नहीं दिखा सका। कई ब्रांड की 222 पेटियां जब्त पुलिस ने मौके से गोवा व्हिस्की, एमडी व्हिस्की, लंदन प्राइड व्हिस्की, किंगफिशर स्ट्रॉन्ग बीयर, बडवाइजर मैग्नम बीयर और माउंट 6000 बीयर सहित एमडी की फुल और हाफ बोतलें जब्त कीं। कुल 222 पेटियों में रखी शराब की कीमत करीब 9.89 लाख रुपए बताई गई है। आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बखतगढ़ थाने में अपराध क्रमांक 179/2026 के तहत आबकारी एक्ट की धारा 34(1), 34(2) और 36 में केस दर्ज किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब शराब के स्रोत और इसकी बिक्री की योजना के संबंध में जानकारी जुटा रही है। मंगलवार 10 नवंबर को पुलिस ने प्रेस नोट जारी कर कार्रवाई की जानकारी दी