समाचार · मध्य प्रदेश
पटाखे फोड़ने पर विवाद, दो महिलाओं से मारपीट:नरसिंहपुर में 4 लोगों पर गाली-गलौज का आरोप; एसपी से शिकायत कर कार्रवाई मांगी
नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव तहसील के ग्राम इमलिया में दीपावली की रात पटाखे फोड़ने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। मामले में दो महिलाओं ने गांव के चार लोगों पर गाली-गलौज, जातिसूचक अपशब्द कहने और मारपीट करने के आरोप लगाए हैं। पीड़ित महिलाओं ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक को आवेदन सौंपकर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करने और कार्रवाई की मांग की है। बच्चों के डरने पर किया था विरोध महिलाओं की शिकायत के अनुसार, घटना 8 नवंबर की रात करीब 10:30 बजे की है। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले पटेल परिवार के लोग रास्ते के साथ महिलाओं के घर के गेट और अंदर पटाखे फोड़ रहे थे। इससे घर में मौजूद बच्चे डर गए। जब महिलाओं ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उन्हें घर के अंदर जाने को कहा। इसी बात पर विवाद बढ़ गया। बहू के साथ मारपीट करने का आरोप महिलाओं का आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपियों ने उनके साथ अभद्र गाली-गलौज की और जातिसूचक शब्द कहकर अपमानित किया। इस दौरान एक आरोपी ने महिला की बहू के साथ हाथापाई और मारपीट की। अन्य लोगों पर भी मारपीट करने और धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं। डायल 112 को दी थी सूचना शिकायत में बताया गया कि घटना की सूचना डायल 112 को दी गई थी। पुलिस मौके पर पहुंची थी। इसके बाद दोनों महिलाएं उसी रात अजाक थाना नरसिंहपुर पहुंचीं। महिलाओं का आरोप है कि उन्हें देर रात तक थाने में बैठाए रखा गया और अगले दिन 9 नवंबर को आवेदन लिया गया। एसपी से शिकायत कर मांगी कार्रवाई महिलाओं का कहना है कि शिकायत के बावजूद अब तक उचित कार्रवाई नहीं हुई है। इसी वजह से उन्होंने मंगलवार को एसपी को आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज करने और कार्रवाई करने की मांग की है।