समाचार · झारखंड
दिन में जंगल, रात में खेतों पर धावा... 18 से ज्यादा हाथियों ने किसानों की उड़ायी नींद, पढ़ें पूरी खबर

सरायकेला: सीनी वन क्षेत्र में इन दिनों डेढ़ दर्जन से अधिक जंगली हाथियों के झुंड ने ग्रामीणों की परेशानी बढ़ा दी है. हाथियों का झुंड गम्हरिया और सरायकेला प्रखंड के डुमरा, हुदु, मोहितपुर और मुड़ाटांड़ पंचायतों के जंगलों में विचरण कर रहा है. शाम ढलते ही हाथी जंगल से निकलकर गांवों की ओर पहुंच रहे हैं और खेतों में लगी धान की फसल के साथ सब्जियों को भी नुकसान पहुंचा रहे हैं. इससे किसानों को भारी आर्थिक क्षति उठानी पड़ रही है.
हाथियों के लगातार गांवों के आसपास मंडराने से ग्रामीणों में दहशत है. अपनी फसलों और जान-माल की सुरक्षा के लिए ग्रामीण रातभर जागकर समय बिताने को मजबूर हैं. हाथियों को गांवों और खेतों से दूर भगाने के लिए ग्रामीण सामूहिक प्रयास कर रहे हैं, लेकिन झुंड की संख्या अधिक होने के कारण उन्हें काफी परेशानी हो रही है. ग्रामीणों को आशंका है कि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाये गये, तो फसलों को और अधिक नुकसान हो सकता है.
वन विभाग से सुरक्षा और मुआवजे की मांग
इस मामले में मानवाधिकार सहायता संघ की महिला प्रकोष्ठ की सरायकेला-खरसावां जिला अध्यक्ष सुमन कारूवा ने जिला वन पदाधिकारी से हस्तक्षेप करने की मांग की है. उन्होंने कहा कि वन विभाग ग्रामीणों की सुरक्षा और किसानों की फसलों को बचाने के लिए प्रभावी व्यवस्था करे.
उन्होंने हाथियों को भगाने के लिए ग्रामीणों को पटाखे, मशाल, टॉर्च समेत अन्य जरूरी उपकरण उपलब्ध कराने की मांग की. साथ ही हाथियों द्वारा फसलों को पहुंचाये गये नुकसान का उचित मुआवजा देने की भी अपील की, ताकि प्रभावित किसानों को आर्थिक राहत मिल सके.