Tuesday, 10 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

भिवानी में मनाया अन्नकूट व गोवर्धन पूजा पर्व:MLA घनश्याम सर्राफ बोले- स्वास्थ्य की दृष्टि से बेहद गुणकारी है यह पारंपरिक भोजन

INT News10 November 2026 at 03:36 pm

भिवानी में दीपावली के पर्व के उपरांत मंगलवार को अन्नकूट और गोवर्धन पूजा का महापर्व मनाया गया। इस अवसर पर भिवानी के विधायक घनश्याम सर्राफ ने आपसी भाईचारे को अपनाने के साथ ही पर्यावरण संरक्षण को लेकर संदेश भी दिया। विधायक ने अन्नकूट के पौराणिक महत्व के बारे में बताया। भिवानी के विधायक घनश्याम सर्राफ ने कहा कि दीपावली के बाद अक्सर लोग तला-भुना और अधिक मीठा खाकर बीमार हो जाते हैं, ऐसे में अन्नकूट का यह पारंपरिक भोजन स्वास्थ्य की दृष्टि से बेहद गुणकारी है। उन्होंने बताया कि भगवान श्री कृष्ण द्वारा गोवर्धन पर्वत उठाने के बाद से चली आ रही इस परंपरा में बाजरे की खिचड़ी, कढ़ी, पंचमेला सब्जी और मौसमी फल-सब्जियों जैसे सुपाच्य और पारंपरिक व्यंजनों का भोग लगाया जाता है। जिसे खाने से शरीर को सही पोषण मिलता है और सेहत दुरुस्त रहती है। विधायक ने पर्यावरण और प्रदूषण के मुद्दे पर बात करते हुए कहा कि इस बार भिवानी शहर में पटाखों और प्रदूषण का प्रभाव पहले से कम रहा है और वे चाहते हैं कि पर्यावरण को पूरी तरह शुद्ध रखने के लिए लगातार ऐसे प्रयास किए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि यह पर्व समाज में प्रेम, सौहार्द और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का काम करता है। ऋतु परिवर्तन के साथ शरीर के गुणधर्म भी बदलते हैं

पतंजलि योगपीठ हरिद्वार से आए स्वामी वैदिक देव ने भारतीय सनातन संस्कृति के वैज्ञानिक आधार को समझाते हुए कहा कि हमारे सभी ऋषि-मुनीन पर्व और उत्सवों को पूरी शोध और वैज्ञानिक कसौटी पर परखकर गढ़ते आए हैं। उन्होंने वेदों के मंत्रों का हवाला देते हुए बताया कि ऋतु परिवर्तन के साथ शरीर के गुणधर्म भी बदलते हैं, और इस बदलते मौसम के अनुकूल शरीर को ऊष्मा तथा ऊर्जा प्रदान करने के लिए अन्नकूट का बाजरा, कढ़ी और सुपाच्य भोजन अत्यधिक आवश्यक है। इस दौरान अमन सर्राफ ने कहा कि पिछले कई दशकों से इस आयोजन के माध्यम से छत्तीस बिरादरी के लोग एक साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण करते हैं, जिससे समाज में छुआछूत और ऊंच-नीच के भेदभाव दूर होते हैं। वक्ताओं ने कहा कि हम किस जाति या परिवार में जन्म लेते हैं यह मनुष्य के हाथ में नहीं है, इसलिए अन्नकूट के बहाने एक ही पंक्ति में बैठकर सामूहिक भोजन करना सामाजिक समरसता, समानता और अटूट भाईचारे का सबसे बड़ा संदेश देता है।