समाचार · मध्य प्रदेश
दो मकानों में आग, 3 बैल-2 बकरियां जिंदा जलीं:खराब सड़क से रास्ते में बंद हुई फायर ब्रिगेड; ग्रामीणों ने धक्का देकर चालू किया
झाबुआ जिले की रानापुर तहसील की ग्राम पंचायत समोई के मोद फलिया में मंगलवार अलसुबह करीब 3 बजे अज्ञात कारणों से दो मकानों में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि दोनों मकान पूरी तरह जलकर राख हो गए। हादसे में एक बड़ा बैल, दो छोटे बैल और दो बकरियों की जलने से मौत हो गई। घरों में रखा अनाज, चांदी के आभूषण, नकदी, कपड़े, बिस्तर और घरेलू सामान भी जलकर नष्ट हो गया। इस दौरान आग बुझाने पहुंची नगर परिषद की फायर ब्रिगेड ऊबड़-खाबड़ रास्ते पर तकनीकी खराबी के कारण बीच रास्ते में ही बंद हो गई। ग्रामीणों को उसे दोबारा चालू कराने के लिए मशक्कत करनी पड़ी। बाद में डीजल भी मंगवाना पड़ा। आग में घरों का पूरा सामान जलकर नष्ट आगजनी से प्रभावित परिवारों की गृहस्थी पूरी तरह उजड़ गई। हादसे में राकेश छितु वसुनिया को 2.50 लाख रुपए, दिलीप छितु वसुनिया को 60 हजार रुपए, दिनेश छितु वसुनिया को 1.70 लाख रुपए, सामजी रूपा वसुनिया को 1.80 लाख रुपए और जंगलीया सामजी वसुनिया को 1.50 लाख रुपए का नुकसान हुआ। प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा तैयार किया। कांग्रेस नेता और जिला पंचायत सदस्य पहुंचे घटना की जानकारी मिलते ही कांग्रेस नेता दिनेश वसुनिया रात में ही मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों के साथ मिलकर आग बुझाने में मदद की। कुछ देर बाद जिला पंचायत सदस्य कमलेश सिंगाड़ भी घटनास्थल पर पहुंचे। मंगलवार दोपहर तहसीलदार राजेंद्र चौहान, टीआई श्रीराम मंडलोई और पटवारी कमल जामोद ने मौके का निरीक्षण किया। टीम ने नुकसान का आकलन कर पंचनामा तैयार किया। तस्वीरे देखिए… पहले भी फायर ब्रिगेड को लेकर हुआ था विवाद नगर परिषद की फायर ब्रिगेड की कार्यप्रणाली को लेकर पहले भी सवाल उठ चुके हैं। 12 नवंबर 2023 को जोबट नाके पर फटाका दुकानों में आग लगने के दौरान फायर ब्रिगेड समय पर नहीं पहुंची थी। इससे नाराज लोगों ने जमकर तोड़फोड़ की थी। इस घटना में फायर ब्रिगेड के ड्राइवर को भी चोट आई थी। सीएमओ बोले- मशीन है, डीजल में कचरा आ गया होगा फायर ब्रिगेड के रास्ते में बंद होने के मामले में नगर परिषद सीएमओ सीताराम चौहान ने कहा कि वाहन चालू हालत में है और बंद नहीं हो सकता। जब उन्हें डीजल और एयर की समस्या के कारण वाहन को धक्का लगाकर चालू करने की जानकारी दी गई, तो उन्होंने कहा कि मशीनरी है, डीजल में कचरा आ गया होगा। हालांकि, उनका कहना था कि फायर ब्रिगेड आग बुझाने के बाद ही वापस लौटी।