समाचार · हरियाणा
नूंह में धरना खत्म कराने पहुंचे लोगों का विरोध:इंजीनियरिंग कॉलेज में 40 दिन से प्रदर्शन, दो छात्र 12 दिन से भूख हड़ताल पर
नूंह जिले के मेवात इंजीनियरिंग कॉलेज में पिछले 40 दिनों से चल रहा धरना-प्रदर्शन के दौरान मंगलवार को उस समय टकराव की स्थिति बन गई, जब छात्रों की मांगें मानने का लिखित आश्वासन मिलने के बाद जिले के मौजिज लोगों ने आंदोलन समाप्त कराने कॉलेज पहुंचे, लेकिन उनकी कोशिश के दौरान ही विवाद खड़ा हो गया। दरअसल, नूंह जिले के पल्ला गांव स्थित हरियाणा वक्फ बोर्ड द्वारा संचालित मेवात इंजीनियरिंग कॉलेज में करीब 40 दिनों से छात्र प्रदर्शन कर रहे हैं। वहीं दो छात्र पिछले लगभग 12 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे हैं। इस बीच हरियाणा वक्फ बोर्ड के प्रशासक चौधरी जाकिर हुसैन ने छात्रों की मंजूरशुदा मांगों को पूरा करने का लिखित आश्वासन कॉलेज डायरेक्टर को भेज दिया। लिखित आश्वासन मिलने के बाद जिले के मौजिज लोगों ने आंदोलन खत्म कराने के लिए नूंह के गांधी पार्क में महापंचायत बुलाई। जहां जमील पटवारी के नेतृत्व कुछ मौजिज लोगों ने छात्रों से भूख हड़ताल और धरना समाप्त करने की अपील करते हुए कहा कि छात्रों की सभी मांगें मान ली गई हैं और लिखित आश्वासन भी दिया जा चुका है। राजनेताओं पर छात्राें को बहकाने का आरोप इसके बावजूद धरना खत्म नहीं किया जा रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राजनेता छात्रों को बहकाकर आंदोलन को आगे बढ़ा रहे हैं। अब यह धरना छात्रों की बजाय राजनेता चला रहे हैं। गांधी पार्क में महापंचायत के बाद जिले के मौजिज लोग धरना समाप्त कराने के लिए मेवात इंजीनियरिंग कॉलेज पहुंचे। कॉलेज परिसर में धरना स्थल पर प्रदर्शनकारियों से बातचीत के दौरान माहौल गरमा गया। धरना खत्म करने की अपील और प्रदर्शनकारियों के रुख को लेकर दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई। फिलहाल छात्र प्रशासक के इस्तीफे की मांग पर अडे़ हुए हैं।