समाचार · उत्तराखंड
कौन हैं कन्हैया खेवड़िया, हरिद्वार से मांग रहे भाजपा का टिकट; तीन राज्यों में संभाल चुके चुनावी मोर्चा

उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा, कांग्रेस समेत कई दलों ने जोर-आजमाइश शुरू कर दी है। बीते दिनों गृहमंत्री अमित शाह ने उत्तराखंड दौरे से चुनावी बिगुल फूंक दिया था और 65 से ज्यादा सीटों का लक्ष्य रखा है। टिकट के लिए भी दावेदार सामने आ रहे हैं। हरिद्वार विधानसभा सीट से पार्टी के वरिष्ठ नेता कन्हैया खेवड़िया ने दावेदारी पेश की है। उन्होंने पर्यवेक्षक नरेश बंसल को अपना बॉयोडाटा सौंपा। राजनीतिक सफर की बात करें तो खेवड़िया उत्तराखंड चुनाव के साथ राजस्थान विधासनभा और दिल्ली नगर निगम चुनाव में भी काम संभाल चुके हैं।हरिद्वार विधानसभा सीट से भाजपा टिकट मांग रहे कन्हैया खेवड़िया लंबे समय से पार्टी में सक्रिय हैं। वर्ष 2003 में हरकी पैड़ी वार्ड अध्यक्ष के रूप में राजनीतिक सफर शुरू करने वाले कन्हैया ने युवा मोर्चा से लेकर भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी तक में विभिन्न जिम्मेदारियां निभाई हैं। वर्तमान में वह भाजपा के प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य हैं।कन्हैया खेवड़िया का राजनीतिक सफरकन्हैया खेवड़िया 2007 में युवा मोर्चा के मंडल महामंत्री और 2009 में जिला उपाध्यक्ष बने। वर्ष 2012 में उन्हें युवा मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी में जगह मिली। वर्ष 2013 में वह हरकी पैड़ी क्षेत्र से नगर निगम पार्षद निर्वाचित हुए। इसके बाद 2016 में भाजपा की जिला कार्यकारिणी के सदस्य बने। वर्ष 2021 में उन्हें युवा मोर्चा का प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया। वर्ष 2024 में प्रदेश संयोजक नमामि गंगे की जिम्मेदारी मिली। वर्ष 2026 में वह भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बने।उत्तराखंड चुनाव के साथ राजस्थान और दिल्ली चुनाव में भी काम संभालाउन्होंने अलग-अलग चुनावों में भी जिम्मेदारियां निभाई हैं। वर्ष 2014 के हरिद्वार लोकसभा चुनाव में मंडल संयोजक, 2019 में हरिद्वार विधानसभा चुनाव में सहसंयोजक के रूप में काम किया। 2022 में चंपावत उपचुनाव के दौरान बनबसा मंडल में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के चुनाव प्रचार में सक्रिय रहे। इसी साल दिल्ली नगर निगम चुनाव में मयूर विहार क्षेत्र में संगठन का काम संभाला। वर्ष 2023 में राजस्थान विधानसभा चुनाव के दौरान धौलपुर सीट पर चुनावी जिम्मेदारी निभाई।आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए कन्हैया खेवड़िया ने हरिद्वार सीट से भाजपा टिकट के लिए अपनी दावेदारी पेश की है। मंगलवार को हरिद्वार विधानसभा का राजनीतिक विश्लेषण करने डामकोठी पहुंचे भाजपा पर्यवेक्षक नरेश बंसल को कन्हैया खेवड़िया ने अपना बायोडाटा सौंपा। इस दौरान उनके साथ बड़ी संख्या में समर्थक भी पहुंचे। समर्थकों की मौजूदगी में उन्होंने शक्ति प्रदर्शन करते हुए हरिद्वार विधानसभा से टिकट की मांग रखी। भाजपा संगठन की ओर से आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर हर विधानसभा क्षेत्र में संभावित प्रत्याशियों और राजनीतिक समीकरणों का फीडबैक लिया जा रहा है।