समाचार · झारखंड
Jamshedpur news: टाटानगर-खड़गपुर रेलखंड पर बनेंगे चार आरओबी, छह समपार फाटकों पर 433.74 करोड़ होंगे खर्च

जमशेदपुर: दक्षिण पूर्व रेलवे ने समपार फाटकों पर लगने वाले जाम से निजात दिलाने और सड़क यातायात को सुगम बनाने के लिए बड़ी पहल की है. रेलवे की ओर से विभिन्न रेल मंडलों के छह प्रमुख समपार फाटकों के स्थान पर सड़क ऊपर पुल (आरओबी) बनाने के लिए ई-निविदा आमंत्रित की गयी है. इस परियोजना पर कुल 433.74 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है. रेलवे ने स्वीकृति पत्र जारी होने की तिथि से 30 माह के भीतर निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है.
टाटानगर-खड़गपुर रेलखंड पर सबसे अधिक चार आरओबी
निविदा सूचना संख्या सीइ-कॉन-आरएसपी-7-26 के तहत सबसे अधिक चार आरओबी खड़गपुर-टाटानगर रेलखंड पर बनाये जायेंगे. इनमें खड़गपुर मंडल के धालभूमगढ़-घाटशिला के बीच किमी 207/1-3 पर एलसी संख्या 119, गालूडीह-राखामाइंस के बीच किमी 224/13 पर एलसी संख्या 127 और राखामाइंस-टाटानगर के बीच किमी 231/25-27 पर एलसी संख्या 132 शामिल हैं. इसके अलावा चक्रधरपुर मंडल के अंतर्गत राखामाइंस-टाटानगर के बीच किमी 223/13-15 पर एलसी संख्या 133 के स्थान पर भी आरओबी का निर्माण किया जायेगा.
खड़गपुर-भद्रक और आद्रा मंडल में भी बनेंगे पुल
इनके अलावा खड़गपुर मंडल के खड़गपुर-भद्रक अनुभाग में बाखराबाद-बेल्दा के बीच किमी 149/29-31 पर एलसी संख्या 24 तथा आद्रा मंडल के जेओसी-सीएनआइ अनुभाग में उरमा-बराभूम के बीच किमी 353/23-25 पर एलसी संख्या जेसी-40 के स्थान पर आरओबी बनाया जायेगा. इस तरह कुल छह समपार फाटकों को हटाकर वहां आरओबी का निर्माण प्रस्तावित है.
एक दिसंबर तक जमा करनी होगी ऑनलाइन निविदा
परियोजना के लिए बोली प्रतिभूति राशि 8.67 करोड़ रुपये निर्धारित की गयी है. इच्छुक निविदाकार एक दिसंबर 2026 को अपराह्न तीन बजे तक रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन निविदा जमा कर सकते हैं. रेलवे ने स्पष्ट किया है कि किसी भी परिस्थिति में मैनुअल निविदा स्वीकार नहीं की जायेगी.