समाचार · मध्य प्रदेश
चार बहनों के इकलौते भाई की सड़क हादसे में मौत:इंदौर में दूध टैंकर ने बाइक को मारी टक्कर; 25 नवंबर को थी बहन की शादी
इंदौर के एरोड्रम थाना क्षेत्र स्थित सुपर कॉरिडोर पर बोहरा कॉलोनी के सामने मंगलवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां तेज रफ्तार दूध टैंकर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में इंजीनियरिंग के प्रथम वर्ष के छात्र निहाल (19) की मौत हो गई। एरोड्रम पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान निहाल पुत्र विनय पांडे निवासी चौथी पलटन, इंदौर के रूप में हुई है। निहाल सेज यूनिवर्सिटी से इंजीनियरिंग प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रहा था। परिजनों ने बताया कि निहाल मंगलवार सुबह घर से यह कहकर निकला था कि वह घूमकर वापस आता है। लेकिन कुछ ही देर बाद हादसे की दुखद खबर घर पहुंच गई। टैंकर और बाइक की टक्कर इतनी भीषण थी कि निहाल को संभलने का मौका तक नहीं मिला। हादसे में उसकी मौत हो गई। 25 नवंबर को थी बहन की शादी निहाल अपने परिवार में चार बहनों का इकलौता भाई था। उसकी असमय मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और पूरे इलाके में मातम छा गया। परिजनों ने रोते हुए बताया कि आगामी 25 नवंबर को उसकी बहन की शादी थी। पूरा परिवार शादी की तैयारियों में जुटा हुआ था। निहाल मूल रूप से प्रयागराज का रहने वाला था। उसके पिता इंदौर में ई-रिक्शा चलाने का काम करते हैं।