Wednesday, 11 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national · दिल्ली

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर AI का पहरा, 700 स्मार्ट CCTV कैमरों से होगी चप्पे-चप्पे की निगरानी

INT News11 November 2026 at 06:09 pm

देश के सबसे व्यस्त रेलवे स्टेशनों में शामिल नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए भारतीय रेलवे ने हाईटेक व्यवस्था शुरू की है. स्टेशन पर करीब 700 AI-enabled CCTV कैमरे लगाए गए हैं. इन कैमरों की मदद से स्टेशन के अलग-अलग हिस्सों में मौजूद यात्रियों की संख्या पर रियल टाइम नजर रखी जा रही है. खास बात यह है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक की मदद से अधिकारियों को यह पता चल सकेगा कि किस प्लेटफॉर्म या स्थान पर कितनी भीड़ मौजूद है.

प्लेटफॉर्म नंबर 16 पर बनाया गया मिनी कंट्रोल रूम

रेलवे ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 16 पर एक मिनी कंट्रोल रूम तैयार किया है. यहां लगे मॉनिटर पर स्टेशन में लगे सभी CCTV कैमरों की फुटेज बारी-बारी से दिखाई जाती है. इस कंट्रोल रूम से अधिकारी स्टेशन के अलग-अलग हिस्सों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखते हैं. छोटी से छोटी गतिविधि से लेकर भीड़ से जुड़ी बड़ी समस्या तक की निगरानी यहीं से की जाती है.

700 AI कैमरे बताएंगे कहां कितनी है भीड़

स्टेशन पर लगाए गए करीब 700 CCTV कैमरे AI तकनीक से लैस हैं. इनकी मदद से अधिकारियों को अलग-अलग स्थानों पर मौजूद यात्रियों की संख्या की जानकारी मिलती रहती है. कैमरों से मिलने वाले डेटा के आधार पर भीड़ का आकलन किया जाता है. इससे रेलवे प्रशासन को यह समझने में मदद मिलती है कि किस जगह यात्रियों की संख्या बढ़ रही है और कहां भीड़ को नियंत्रित करने की जरूरत है.

स्टेशन पर एक समय में मौजूद हैं करीब 10,500 यात्री

उत्तर रेलवे के CPRO हिमांशु शेखर उपाध्याय ने कंट्रोल रूम की व्यवस्था की जानकारी देते हुए बताया कि फिलहाल नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के अंदर करीब 10,500 लोग मौजूद हैं. हालांकि, मोटे अनुमान के मुताबिक यह संख्या करीब 12,000 तक हो सकती है. AI कैमरों के जरिए मिलने वाली जानकारी से अधिकारियों को स्टेशन में मौजूद कुल यात्रियों की संख्या का स्पष्ट अंदाजा मिलता है.

पीले और लाल डॉट से मिलेगी भीड़ की जानकारी

कंट्रोल रूम की स्क्रीन पर अलग-अलग स्थानों पर पीले और लाल रंग के डॉट दिखाई देते हैं. ये डॉट यात्रियों की संख्या और भीड़ की स्थिति को ट्रैक करने में मदद करते हैं. इन्हीं संकेतों के आधार पर रेलवे अधिकारी संबंधित स्थान पर मौजूद लोगों की संख्या का अनुमान लगाते हैं. इस तकनीक से भीड़ वाले क्षेत्रों की पहचान करना और समय रहते जरूरी कदम उठाना आसान हो जाता है.

ये भी पढ़ें: हरियाणा के सिरसा में सांसों पर संकट: 369 पहुंचा AQI, दिल्ली समेत 9 शहरों में जहरीली हुई हवा