Wednesday, 11 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

बालाघाट में दीपावली मनाने एक्ट्रेस नगिना बोपचे:OTT के लिए कर रहीं निगेटिव रोल, बोलीं- फिल्मों में टीवी से ज्यादा नेपोटिज्म

INT News11 November 2026 at 06:55 pm

बालाघाट की कलाकार नगिना बोपचे टीवी सीरियल और ओटीटी फिल्म में काम कर रही हैं। दीपावली पर बालाघाट पहुंचीं नगिना ने गुरुवार को एक निजी होटल में मीडिया से बात की। उन्होंने बताया कि तीन साल के करियर में चार सीरियल और एक ओटीटी फिल्म में काम किया है। नगिना ने बताया कि उन्हें बचपन से ही एक्टर बनने का शौक था। घर की टेबल पर यह बात लिखने पर उनकी मां नाराज हुई थीं। बाद में नागपुर में कॉलेज के दौरान फैशन शो की तस्वीरें देखकर परिवार ने उनकी इच्छा समझी और अभिनय करने की इजाजत दी। परिवार के सहयोग से उन्होंने थिएटर जॉइन किया। अब कर रहीं निगेटिव रोल उन्होंने बताया कि करीब तीन साल में ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’, ‘नागिन’ और ‘परिणीति’ सीरियल में छोटे रोल किए। इसके बाद ‘एडवोकेट अंजली अवस्थी’ में उन्हें बड़ा काम मिला। अब वह दंगल चैनल के सीरियल ‘मन अति सुंदर’ में निगेटिव रोल कर रही हैं। साथ ही ओटीटी प्लेटफॉर्म पर आने वाली फिल्म ‘नोटिस’ में भी काम कर रही हैं। नगिना ने कहा कि उनका सपना थिएटर कलाकार पंकज त्रिपाठी के साथ काम करने का है। बिना किसी बैकग्राउंड के नाम कमाने और उनके सफर से उन्हें प्रेरणा मिलती है। फिल्मों में नेपोटिज्म ज्यादा एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि फिल्म की तुलना में टीवी सीरियल में काम करना उन्हें ज्यादा अच्छा लगता है। उनके मुताबिक, टीवी के मुकाबले फिल्मों में नेपोटिज्म ज्यादा है। बालाघाट के कही कड़वी बात उन्होंने कहा कि बालाघाट में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, लेकिन यहां वैसा माहौल नहीं है। अगर जिले की प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिले, तो वे भी फिल्मों में नाम कमा सकती हैं। नगिना ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस लोगों को कई क्षेत्रों में प्रभावी लग सकता है, लेकिन उसमें भावनाएं नहीं होतीं। इसलिए वह कलाकारों को असुरक्षित नहीं कर सकता। उन्होंने बताया कि शुरुआत में टीवी और फिल्मों में काम करने को लेकर उन्हें और उनके परिवार को लोगों के ताने सुनने पड़े। अब हालात बदल गए हैं।