समाचार · हरियाणा
दिल्ली-NCR के प्रदूषण पर दिग्विजय चौटाला ने उठाए सवाल:बोले- सुबह से आंखों में जलन, 'गैस चैंबर दिवस की मुबारकबाद'
जननायक जनता पार्टी के युवा प्रदेशाध्यक्ष दिग्विजय चौटाला ने दिल्ली-एनसीआर में बढ़ते वायु प्रदूषण पर चिंता जताई। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को टैग कर तंज कसा और ‘गैस चैंबर दिवस की मुबारकबाद’ लिखी। डबवाली में चौटाला ने पोस्ट में लिखा कि सुबह 8:30 बजे ही आंखें जल रही हैं और सांस लेने में तकलीफ हो रही है। उन्होंने एक्यूआई 600-700 के बीच होने का दावा किया। उन्होंने सवाल किया कि इस बार पराली भी नहीं जली, तो किसानों को क्या दोष दें। उन्होंने यह भी पूछा कि प्रदूषण दिवाली के पटाखों के धुएं से है या इसकी कोई और वजह है। चौटाला ने लिखा कि इसका जवाब समय बताएगा और दिल्ली में बैठे हुक्मरान चुप हैं। चौटाला ने पोस्ट में लिखा कि इस स्थिति के लिए सभी जिम्मेदार हैं और अगली पीढ़ी को ऐसा भविष्य देने के लिए जवाबदेह हैं।उन्होंने पोस्ट के साथ धुंध से ढकी सड़क की तस्वीर भी साझा की।