समाचार · हरियाणा
सिरसा में राजस्थान के 6 नशा तस्कर अरेस्ट:बाइक पर डोडा लेकर आ रहे, पुलिस को फेंके प्लास्टिक के कट्टे, भागने की कोशिश
सिरसा पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ अभियान चलाकर दो बाइकों पर सवार 6 युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 51 किलो 960 ग्राम डोडा चूरा पोस्त बरामद हुआ है, जिसकी कीमत लाखों में बताई जा रही है। आरोपियों की पहचान राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले के गांव सुरेवाला निवासी जगदीश उर्फ जग्गा, रणजीत सिंह, कुलदीप सिंह और गांव तलवाड़ा निवासी कर्ण सिंह, संदीप सिंह और गुरनाम के रूप में हुई है। सीआईए सिरसा प्रभारी ने बताया कि पुलिस टीम रानियां चुंगी की तरफ गश्त कर रही थी। बांदरा पुलिया रोड के पास दो बाइकों पर 6 युवक प्लास्टिक के दो कट्टे लेकर जाते दिखे। पुलिस को देखते ही युवकों ने कट्टे फेंक दिए और भागने की कोशिश की। एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज हुआ केस पुलिस कर्मचारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी छह युवकों को मौके पर ही पकड़ लिया। राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में तलाशी लेने पर दोनों कट्टों से कुल 51 किलो 960 ग्राम डोडा चूरा पोस्त मिला। पुलिस ने नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ शहर थाना सिरसा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। सीआईए टीम ने आरोपियों को आगे की कार्रवाई के लिए शहर थाना पुलिस को सौंप दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।