Tuesday, 14 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

भिलाई निगम की बुलडोजर कार्रवाई में जमकर बवाल:दुकानों पर बुलडोजर चला, पक्षपात के आरोप लगाकर व्यापारियों ने निगम टीम को घेरा, व्यापारियों और पुलिस के बीच धक्का मुक्की

INT News14 July 2026 at 02:49 pm

सुपेला क्षेत्र के रावण भाटा में मंगलवार को नगर निगम की अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान उस समय विवाद की स्थिति बन गई, जब स्थानीय व्यापारियों और रहवासियों ने निगम पर पक्षपातपूर्ण कार्रवाई का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। व्यापारियों का आरोप है कि निगम ने केवल कुछ दुकानों पर ही बुलडोजर चलाया, जबकि प्रभावशाली लोगों और राजनीतिक संगठनों से जुड़े पदाधिकारियों की दुकानों को छोड़ दिया गया। विरोध कर रहे व्यापारियों ने निगम अधिकारियों को मौके पर घेर लिया और "नगर निगम मुर्दाबाद" के नारे लगाए। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और सड़क पर जाम की स्थिति बन गई। विरोध के चलते निगम को कुछ समय के लिए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई रोकनी पड़ी। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि यदि सड़क किनारे बनी दुकानें अतिक्रमण की श्रेणी में आती हैं, तो कार्रवाई सभी पर समान रूप से होनी चाहिए। उनका आरोप है कि जिन दुकानों पर राजनीतिक संरक्षण या पहुंच रखने वाले लोगों का कब्जा है, उन्हें जानबूझकर नहीं तोड़ा गया, जबकि अन्य दुकानदारों के निर्माण पर बुलडोजर चला दिया गया। इसी कथित भेदभाव के विरोध में बड़ी संख्या में व्यापारी सड़क पर उतर आए। मौके पर बढ़ते तनाव को देखते हुए पुलिस और प्रशासन का अमला तैनात किया गया। पुलिस ने लोगों को समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। फिलहाल निगम की टीम और पुलिस बल मौके पर मौजूद है तथा हालात पर नजर बनाए हुए हैं। विरोध कर रहे लोगों ने स्पष्ट कहा कि वे अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के विरोध में नहीं हैं, लेकिन कार्रवाई निष्पक्ष और समान होनी चाहिए। उनका कहना है कि यदि अतिक्रमण हटाना है तो पूरी लाइन की सभी दुकानों पर एक साथ कार्रवाई की जाए। चुनिंदा दुकानों को निशाना बनाकर की जा रही कार्रवाई से लोगों में नाराजगी है। फिलहाल प्रशासन की ओर से विरोध के बीच स्थिति को सामान्य बनाने का प्रयास किया जा रहा है। मौके पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और आगे की कार्रवाई को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों की चर्चा जारी है।