Thursday, 26 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

खाद्य सुरक्षा अधिकारी और इंजीनियर पति पर वसूली के आरोप:जबलपुर में अधिवक्ताओं ने की शिकायत, कहा- सैंपल फेल करने का डर दिखाकर रोज वसूल रहे 1 लाख रुपए

INT News25 November 2026 at 10:34 pm

जबलपुर में अधिवक्ताओं ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी माधुरी मिश्रा और उनके पति चंद्रभूषण तिवारी पर व्यापारियों से कथित वसूली करने का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि जांच और सैंपल फेल होने का डर दिखाकर व्यापारियों से पैसे मांगे जाते हैं। बुधवार को अधिवक्ताओं ने अपर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। पति के भी जांच में शामिल होने का आरोप शिकायतकर्ताओं के मुताबिक, पश्चिम मध्य रेलवे के कछपुरा स्थित सिग्नल विभाग में इंजीनियर चंद्रभूषण तिवारी खुद को खाद्य सुरक्षा अधिकारी बताकर पत्नी के साथ खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच में शामिल होते हैं। आरोप है कि जांच और सैंपलिंग के दौरान सैंपल फेल होने का डर दिखाकर व्यापारियों से पैसे मांगे जाते हैं। शिकायत में दावा किया गया है कि इस कथित नेटवर्क के जरिए रोजाना 80 हजार से एक लाख रुपए तक की वसूली की जाती है। शिकायतकर्ताओं ने यह भी कहा कि केंद्र सरकार के कर्मचारी चंद्रभूषण तिवारी की विभागीय कार्रवाई में कथित भूमिका संदिग्ध है। 18 साल से एक ही जिले में पदस्थ रहने पर सवाल अधिवक्ताओं ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी माधुरी मिश्रा के 18 साल से एक ही जिले में पदस्थ रहने पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि इतने लंबे समय तक एक ही जगह पदस्थ रहने से व्यवस्था की निष्पक्षता पर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने बड़े व्यावसायिक क्षेत्रों के आवंटन को लेकर भी सवाल किए। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि इस मामले में मीडिया में पहले खबरें आने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने मामले में पारदर्शिता को लेकर सूचना के अधिकार (RTI) का मुद्दा भी उठाया। RTI में मांगी गई जानकारी का जवाब नहीं मिला शिकायतकर्ताओं के अनुसार, 12 अक्टूबर 2026 को खाद्य विभाग में RTI के जरिए चंद्रभूषण तिवारी की कथित भूमिका और हस्तक्षेप से जुड़ी जानकारी मांगी गई थी। विभाग ने इस संबंध में माधुरी मिश्रा से जवाब मांगा, लेकिन तय समय बीतने के बाद भी जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई। संपत्ति और निवेश की जांच की मांग अधिवक्ताओं ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कथित अवैध कमाई से अर्जित संपत्तियों और परिजनों के नाम किए गए निवेश की पड़ताल कराने की भी मांग की। इसके अलावा आय से अधिक संपत्ति की जांच कर दोषी पाए जाने पर माधुरी मिश्रा और चंद्रभूषण तिवारी के खिलाफ कठोर विभागीय और कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है। ज्ञापन संभाग आयुक्त, कलेक्टर, पश्चिम मध्य रेलवे के DRM और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के नाम दिया गया।