समाचार · झारखंड
आशुतोष गोवारिकर ने दिखाई झारखंड में फिल्म बनाने में रुचि, फिल्म नीति पर हुई चर्चा

रांची. झारखंड को फिल्म निर्माण के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में राज्य सरकार ने प्रयास तेज कर दिये हैं. इसी क्रम में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग (आईपीआरडी) के प्रतिनिधियों ने प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक एवं निर्माता आशुतोष गोवारिकर से मुलाकात की. इस दौरान झारखंड फिल्म नीति, झारखंड फिल्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड की भूमिका और राज्य में फिल्म निर्माण को प्रोत्साहित करने के उपायों पर चर्चा हुई.
बैठक में झारखंड की खूबसूरत लोकेशनों और पर्यटन स्थलों को फिल्मों के माध्यम से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया.
हैदराबाद के फिल्ममेकर राज ने भी दिखाई रुचि
हैदराबाद के फिल्ममेकर, लेखक और निर्देशक राज ने भी झारखंड की फिल्म नीति में रुचि दिखाई है. उन्होंने कहा कि झारखंड में फिल्म शूटिंग की अपार संभावनाएं हैं. यहां के प्राकृतिक सौंदर्य और खूबसूरत पर्यटन स्थलों को फिल्मों के जरिये दुनिया के सामने लाया जा सकता है.
उन्होंने राज्य सरकार के साथ मिलकर काम करने और झारखंड में पर्यटन व फिल्म निर्माण को बढ़ावा देने की इच्छा जतायी.
शहीद अल्बर्ट एक्का की वीरता पर बनी फिल्म जल्द होगी रिलीज
झारखंड के वीर सपूत और परमवीर चक्र विजेता शहीद अल्बर्ट एक्का के जीवन पर आधारित फिल्म 'परमवीर' भी जल्द सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. फिल्म के निर्माता सागर गौड़ा ने बताया कि झारखंड में शूटिंग के दौरान स्थानीय लोगों का भरपूर सहयोग मिला. खासकर गुमला जिले के जारी गांव के लोगों ने शूटिंग में महत्वपूर्ण योगदान दिया.
निर्माता सागर गौड़ा ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से फिल्म को टैक्स में छूट देने का आग्रह किया है. उन्होंने कहा कि इससे शहीद अल्बर्ट एक्का की वीरता, अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान की कहानी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सकेगी. उन्होंने झारखंडवासियों से अपील की कि फिल्म रिलीज होने पर सिनेमाघरों में इसे देखें और सहयोग दें.