समाचार · मध्य प्रदेश
सागर में रिमझिम बारिश, दिन का पारा 5 डिग्री लुढ़का:सीजन की 36 इंच औसत बारिश हुई, पिछले साल की तुलना में 17% कम
सागर जिले में मौसम सिस्टम सक्रिय होने से पिछले 24 घंटे से रिमझिम बारिश का दौर जारी है। शनिवार सुबह से काले-घने बादल छाए हैं और रुक-रुककर बारिश हो रही है। बारिश के कारण दिन और रात के तापमान में गिरावट आई है। अधिकतम तापमान में 5 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 3 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है। फिलहाल अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम पारा 18 डिग्री सेल्सियस पर आ गया है। बारिश से वातावरण में ठंडक बनी हुई है। दक्षिण छत्तीसगढ़ का डिप्रेशन कमजोर होगा मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण छत्तीसगढ़ का डिप्रेशन सागर जिले से दक्षिण-पूर्व दिशा में बना हुआ है और उत्तर-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ रहा है। अगले करीब 12 घंटे में इसके कमजोर होकर निम्न दबाव क्षेत्र में बदलने की संभावना है। सिस्टम कमजोर होने के बावजूद इसकी नमी मध्यप्रदेश में बनी रह सकती है। शनिवार को बादल छाए रहने और दोपहर बाद गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। 27 सितंबर से सिस्टम कमजोर होने पर मौसम में सुधार आने और बारिश का दौर थमने के आसार हैं। 24 घंटे में 9.8 मिमी औसत बारिश पिछले 24 घंटे में जिले में 9.8 मिमी औसत बारिश दर्ज की गई। सागर में 8.8 मिमी, जैसीनगर और राहतगढ़ में 13-13 मिमी, खुरई में 11, मालथौन में 8, बंडा में 9, शाहगढ़ में 14, गढ़ाकोटा में 11 और केसली में 11 मिमी बारिश हुई। जिले के अन्य क्षेत्रों में भी बारिश दर्ज की गई। सामान्य बारिश का कोटा पूरा करने 12 इंच की जरूरत इस मानसून सीजन में जिले में अब तक 36.7 इंच औसत बारिश दर्ज हुई है। जिले की सामान्य बारिश 48.4 इंच है। इस हिसाब से सामान्य बारिश का कोटा पूरा करने अभी करीब 12 इंच औसत बारिश की जरूरत है। पिछले साल 26 सितंबर तक जिले में 44.3 इंच औसत बारिश दर्ज हुई थी। इस तरह पिछले साल की तुलना में इस वर्ष जिले में बारिश करीब 17.09 प्रतिशत कम हुई है।