Thursday, 17 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

पटवारियों की हड़ताल से बैतूल में फ्री रजिस्ट्री अभियान ठप्प:पंचायत भवनों में ताले, ग्रामीण हो रहे है परेशान

INT News17 September 2026 at 12:46 pm

बैतूल के ग्रामीण आबादी की जमीन पर लोगों को स्वामित्व अधिकार अभिलेख दिलाने और मुफ्त रजिस्ट्री कराने की योजना की शुरुआत पहले ही दिन पटवारियों की हड़ताल से प्रभावित हो गई। शासन ने 17 सितंबर से जिले की 556 ग्राम पंचायतों में पहले चरण के शिविर लगाने की तैयारी की थी। गांवों में मुनादी कराकर लोगों को इसकी जानकारी भी दी गई थी, लेकिन गुरुवार को कई पंचायत भवनों में कर्मचारी नहीं पहुंचे और कुछ जगह ताले लगे रहे। ऐसे में रजिस्ट्री का काम शुरू नहीं हो सका। जिले में करीब 1 लाख 54 हजार स्वामित्व अधिकार अभिलेखों के पंजीयन का लक्ष्य रखा गया है। योजना के तहत पहले चरण के शिविर 17 से 19 सितंबर, दूसरे चरण के 24 से 26 सितंबर और तीसरे चरण के 1 से 3 अक्टूबर तक लगाए जाने हैं। राजस्व रिकॉर्ड और जरूरी दस्तावेजों की जांच के बाद पात्र लोगों को मुफ्त रजिस्ट्री की सुविधा दी जानी है। पटवारी संघ ने निष्पादक की भूमिका से अलग होने की मांग की पटवारी संघ ने योजना में रजिस्ट्री के काम में निष्पादक की भूमिका निभाने से इनकार किया है। संघ के जिलाध्यक्ष मोहनलाल धुर्वे का कहना है कि रजिस्ट्री होने के बाद भविष्य में जमीन को लेकर कोई कानूनी विवाद सामने आता है तो उसकी जिम्मेदारी पटवारियों पर आ सकती है। इसी वजह से संघ इस भूमिका से पटवारियों को अलग करने की मांग कर रहा है। हड़ताल के कारण योजना के पहले दिन गांवों में होने वाला मैदानी काम प्रभावित हुआ। जिन पंचायतों में शिविर की तैयारी की गई थी, वहां ग्रामीण रजिस्ट्री की प्रक्रिया शुरू होने का इंतजार करते रहे। ग्रामीण बोले- कई परिवारों का अब तक सर्वे ही नहीं हुआ ग्रामीणों का कहना है कि जिन लोगों की जमीन का ड्रोन सर्वे हो चुका है, उन्हें ही स्वामित्व अधिकार और रजिस्ट्री का लाभ मिल रहा है। दूसरी ओर कई ऐसे परिवार भी हैं, जो 20-30 साल से आबादी भूमि पर रह रहे हैं, लेकिन उनका सर्वे अब तक नहीं हुआ। इनके पास जमीन से जुड़े पट्टे या दूसरे जरूरी दस्तावेज भी नहीं हैं। बडोरा निवासी दिनेश मालवीय ने बताया कि जमीन की रजिस्ट्री और पट्टा नहीं होने के कारण उसके आधार पर लोन तक नहीं मिल पाता। उन्होंने कहा कि उन्हें अभी यह भी स्पष्ट जानकारी नहीं है कि किस जमीन की रजिस्ट्री होनी है। ऐसे में योजना का लाभ पाने के लिए पहले सर्वे और रिकॉर्ड की स्थिति साफ होना जरूरी है।