समाचार · मध्य प्रदेश
दतिया में बाबा पर 88.50 लाख की ठगी का केस:धर्म-कर्म और फैक्ट्री में निवेश के नाम पर ग्रामीणों से लिए रुपए, 8% ब्याज का दिया था लालच
दतिया में गौरैया के पहाड़ पर रहने वाले बाबा पर ठगी का मामला सामने आया है। राधेश्याम महाराज उर्फ बाबा के खिलाफ ग्रामीणों से लाखों रुपए की ठगी करने का आरोप है। मामला सिविल लाइन थाना में दर्ज किया गया है। आरोप है कि बाबा ने धर्म-कर्म, यज्ञ और मुरैना में रसगुल्ला पाउडर फैक्ट्री में निवेश के नाम पर ग्रामीणों से रुपए लिए। इसके बदले 7 से 8 प्रतिशत ब्याज देने का लालच दिया गया था। 88.50 लाख हड़पने का आरोप पुलिस ने आरोपी राधेश्याम महाराज और उसके सहयोगी कमलकिशोर शर्मा पर मामला दर्ज किया है। स्थानीय निवासी प्रेमनारायण कुशवाह ने इसकी शिकायत की थी। शिकायत के मुताबिक, कई ग्रामीणों से जमीन में पैसा लगाने और मुनाफे में 50 प्रतिशत हिस्सा देने का झांसा दिया गया था। पूरे मामले में करीब 88 लाख 50 हजार रुपए हड़पने का आरोप है। पैसे वापस मांगने पर भागा ग्रामीणों का आरोप है कि उन्होंने जमीन और गहने तक गिरवी रखकर बाबा को रकम दी थी। जब ग्रामीणों ने अपने पैसे वापस मांगे तो बाबा मुरैना चला गया। करीब एक सप्ताह बाद उसे मुरैना से पकड़कर सिद्ध बाबा के स्थान पर लेकर आए। इसके बाद उसके सहयोगियों को भी बुलाकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। 12 साल से सिद्ध बाबा के स्थान पर रह रहा था
गौरैया के पहाड़ पर सिद्ध बाबा का प्राचीन मंदिर है। करीब 12 साल पहले आरोपी मुरैना जिले के अंबाह-पोरसा क्षेत्र के सांठो गांव से आकर यहां रहने लगा था। वह धार्मिक कार्यक्रम और यज्ञ कराता था। साथ ही युवाओं को नशे और गलत आदतों से दूर रहने की सीख देता था। इससे धीरे-धीरे ग्रामीणों के बीच उसकी पहचान और विश्वास बढ़ता गया। नवंबर 2025 में वह ग्रामीणों के साथ दतिया से खाटू श्याम तक पैदल यात्रा में भी शामिल हुआ था।
पिता की नौकरी जाने के बाद बन गए थे बाबा
राधेश्याम मुरैना के सांठो गांव का रहने वाला है। उसकी मां की मौत हो चुकी है। उसके पिता बड़ेलाल गांव के स्कूल में अस्थाई चपरासी थे। नौकरी जाने के बाद वे भी बाबा बन गए थे। राधेश्याम करीब 21 साल पहले गांव छोड़कर पोरसा चला गया था। कुछ साल बाद मकान बेचकर पोरसा भी छोड़ दिया। इसके बाद से गांव वालों को उसके ठिकाने की जानकारी नहीं थी।
टीआई वैभव गुप्ता ने बताया कि, आरोपी बाबा और उसके सहयोगी पर ग्रामीणों की शिकायत के बाद मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।