समाचार · हरियाणा
ठेका सफाई कर्मचारी एकता मंच प्रतिनिधिमंडल मंत्री विपुल से मिला:गोयल के आश्वासन से कर्मचारी संतुष्ट, लिखित आदेश मिलते ही हड़ताल खत्म होने के संकेत
हरियाणा ठेका सफाई कर्मचारी एकता मंच के प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व कैबिनेट मंत्री संदीप कुमार वाल्मीकि और समाजसेवियों के साथ स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल से मुलाकात कर सफाई कर्मचारियों की हड़ताल और उनकी मांगों को लेकर चर्चा की। इस दौरान मंच की ओर से मंत्री को कर्मचारियों की मांगों से संबंधित ज्ञापन भी सौंपा गया। बैठक के बाद कर्मचारी नेताओं ने प्रेस वार्ता कर सरकार की ओर से मिले आश्वासन की जानकारी दी। अधिकतर मांगों पर सहमति का दावा
ठेका सफाई कर्मचारी एकता मंच के प्रधान मुकेश कर्मा ने बताया कि मंत्री विपुल गोयल ने कर्मचारियों की मांगों को लेकर सकारात्मक रुख अपनाया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार जिन मांगों पर सहमति जता चुकी है, उनके लिखित आदेश जल्द जारी किए जाएंगे। इसके लिए सरकारी स्तर पर प्रक्रिया चल रही है। सरकार ने उनकी 13 मांगो में से 12 मांगो को मान लिया है। जल्द काम पर लौटने के संकेत
कर्मचारी नेताओं ने कहा कि लंबे समय से सफाई व्यवस्था प्रभावित होने के कारण शहर में जगह-जगह गंदगी जमा हो गई है। इसका असर कर्मचारियों के परिवारों पर भी पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि गंदगी की वजह से परिवार के लोगों के बीमार होने की चिंता बनी हुई है। ऐसे में यदि सरकार की ओर से मानी गई मांगों के लिखित आदेश जल्द जारी होते हैं तो कर्मचारी हड़ताल खत्म कर काम पर लौटने को लेकर विचार कर सकते हैं। प्रेस वार्ता में मौजूद रहे
प्रेस वार्ता में पूर्व कैबिनेट मंत्री संदीप कुमार वाल्मीकि, समाजसेवी अशोक जॉर्ज और ठेका सफाई कर्मचारी एकता मंच के प्रधान मुकेश कर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि सरकार जल्द लिखित आदेश जारी कर कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान करेगी।