समाचार · हरियाणा
पानीपत में किसान की हत्यारोपी पड़ोसी गिरफ्तार:खेत में पानी चलाने को लेकर हुआ था विवाद, गठरी में लाश बांध 2.5KM दूर थी फेंकी
पानीपत के गांव नूरपुर गुजरान में 60 वर्षीय किसान रणबीर की हत्या के मामले में सीआईए-2 पुलिस ने आरोपी पड़ोसी किसान को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पूछताछ में खेत की सिंचाई के लिए बने खाल में पानी चलाने को लेकर हुए विवाद के बाद किसान की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली है। पुलिस अब आरोपी से हत्या में इस्तेमाल की गई साइकिल और मृतक का मोबाइल फोन बरामद करने के लिए पूछताछ कर रही है। गुप्त सूचना पर दबिश देकर आरोपी गिरफ्तार सीआईए-2 प्रभारी इंस्पेक्टर वीरेंद्र ने बताया कि पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर शनिवार शाम पसीना रोड स्थित पानीपत-खटीमा नेशनल हाईवे फ्लाईओवर के पास दबिश देकर आरोपी सत्यवान निवासी नूरपुर गुजरान को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या की वारदात कबूल कर ली। सिंचाई के पानी को लेकर हुआ था विवाद पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पिछले चार-पांच वर्षों से ठेके पर जमीन लेकर खेती कर रहा है। मृतक रणबीर उसके खेत का पड़ोसी था। 16 जुलाई की रात खेत में सिंचाई के लिए बने खाल में पानी चलाने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने गुस्से में आकर अपने परने (गमछे) से रणबीर का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। शव को पल्ली में बांधकर झाड़ियों में फेंका हत्या के बाद आरोपी ने शव को पल्ली में बांधा और अपनी साइकिल के पीछे रखकर पसीना खुर्द स्थित पावर हाउस के पास झाड़ियों में ले जाकर फेंक दिया, ताकि किसी को घटना की भनक न लगे।पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। रिमांड के दौरान पुलिस हत्या में प्रयुक्त साइकिल, मृतक का मोबाइल फोन और अन्य अहम साक्ष्य बरामद करने का प्रयास करेगी। ऐसे हुआ था मामले का खुलासा 18 जुलाई को मृतक रणबीर के भाई भोपाल ने थाना औद्योगिक सेक्टर-29 में शिकायत दी थी कि उनका बड़ा भाई रणबीर, जो अविवाहित था और खेत में बनी झोपड़ी में रहता था, 16 जुलाई की रात करीब 11 बजे संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इस दौरान गांव निवासी सत्यवान पर शक जताया गया। जांच के दौरान सामने आए सीसीटीवी फुटेज में सत्यवान रात करीब 11:20 बजे खेत की दिशा से अपनी साइकिल के पीछे गठरीनुमा वस्तु रखकर गांव पसीना की ओर जाता दिखाई दिया। इसी आधार पर पुलिस ने जांच तेज कर दी। 19 जुलाई को गांव पसीना कला के पास झाड़ियों से रणबीर का शव बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने हत्या की धारा जोड़कर मामले की गहन जांच शुरू की और आखिरकार आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे हत्याकांड का खुलासा कर दिया।